अब तक का सबसे महंगा सौदा , 45 करोड़ में खरीदा दक्षिण मुंबई का फ्लैट

 वेदांता फाउंडेशन की ट्रस्टी ने चुकाए 1 लाख 45 हजार प्रति वर्गफीट की कीमत अब तक का सबसे महंगा सौदा , 45 करोड़ में खरीदा दक्षिण मुंबई का फ्लैट

Anita Peddulwar
Update: 2022-07-16 14:13 GMT
अब तक का सबसे महंगा सौदा , 45 करोड़ में खरीदा दक्षिण मुंबई का फ्लैट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अक्सर घरों के महंगे सौदों की कीमत लोगों को चौकाती है। अब की बार वेदांता फाउंडेशन की ट्रस्टी किरण अग्रवाल की ओर से वरली इलाके में खरीदे गए फ्लैट की कीमत ने लोगों को हैरान किया है। रियल इस्टेट क्षेत्र में अग्रवाल की इस डील को सबसे मंहगी डीलो में एक के तौर पर देखा जा रहा है। अग्रवाल ने मुंबई के वरली इलाके में  3088 वर्गफुट का फ्लैट 45 करोड़ रुपए में खरीदा है। फ्लैट के लिए अग्रवाल ने 1 लाख 45 हजार रुपए प्रति वर्गफुट की कीमत चुकाई है।     इससे पहले टाटा सन्स के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने पेंडर रोड इलाके में एक लाख 43 हजार प्रति वर्गफिट के भाव से फ्लैट खरीदा था। वरली की रहेजा इमरात में मकान खरीदनेवाली किरण अग्रवाल वेदांता रिर्सोस लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल की पत्नी हैं। 

अग्रवाल का पहले से वरली इलाके में समुद्र महल इमारत के निकट बंगला है। लेकिन अब उन्होंने वरली इलाके के एनीबेसंट रोड पर  ‘रहेजा लेजेंड’ इमारत की 36 वीं मंजिल पर फ्लैट खरीदा है। इसके लिए उन्होंने एक लाख 45 हजार रुपए प्रति वर्गफुट के भाव से भुगतान किया है। यह वहीं इमारत है जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 40 वीं मंजिल पर साल 2017 में फ्लैट किराए पर लिया था। जिसका किराया प्रतिमाह 15 लाख रुपए था। अग्रवाल के फ्लैट के साथ 5 पार्किंग स्लाट भी हैं। फ्लैट के लिए अग्रवाल ने ढाई करोड़ रुपए स्टैंप ड्यूटी के रुप में भुगतान किया है। 

मुंबई की सबसे मंहगी पांच डील
•    मई 2022 में टाटा सन्स के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने दक्षिण मुंबई के पेडर रोड पर 6800 वर्गफुट के डुप्लेक्स  फ्लैट के लिए 97.85 करोड़ रुपए का भुगतान किया था। जिसकी प्रतिवर्गफुट कीमत एक लाख 43 हजार रुपए थी। 
•    मार्च 2022 में रहेजा लेजेंड इमारत में 10,566 वर्गफुट का फ्लैट 144 करोड़ रुपए में बिका था। प्रति वर्गफुट कीमत एक लाख 36 हजार रुपए थी। 
•    अप्रैल 2022 में मुंबई के करमाइकल रोड पर  3183 वर्गफुट का फ्लैट 40 करोड़ रुपए में बिका था। जिसकी प्रति वर्गफुट कीमत एक लाख 25 हजार रुपए थी।
•    दिसंबर 2021 में समुद्र महल इमारत में 3638 वर्गफुट का अपार्टमेंट 42 करोड़ रुपए में बिका था। जिसकी प्रति वर्गफुट कीमत एक लाख 15 हजार रुपए थी। 
•    जुलाई 2020 में एक लाख 56 हजार रुपए प्रतिवर्गफुट के भाव से करमाइकल रोड में अपार्टमेंट बिका था। 
 

Tags: