बिहार: मुजफ्फरपुर में अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार को मारी गोली

बिहार: मुजफ्फरपुर में अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार को मारी गोली

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-18 15:56 GMT
बिहार: मुजफ्फरपुर में अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार को मारी गोली
हाईलाइट
  • पत्रकार का नाम फिरोज अख्तर बताया जा रहा है।
  • पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
  • मुजफ्फरपुर में कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी है।

डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी है। पत्रकार का नाम फिरोज अख्तर बताया जा रहा है। फिरोज उस वक्त औराई में थे, जब उनपर बदमाशों ने गोलियां चलाई। हमला करने के बाद बदमाश फिरोज का बाइक, मोबाइल फोन और कैश लेकर भाग गए। फिरोज गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज स्थानीय प्राइमरी हेल्थ सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

 

 

डॉक्टरों ने बताया कि गोली पैर में लगी है और आर-पार हो गई है। इस वजह से खून का निकलना बंद नहीं हो रहा है। डॉक्टर ने कहा कि "प्राइमरी इलाज के बाद फिरोज को बड़े अस्पताल रेफर कर दिया जाएगा। फिरोज के साथ फिलहाल उसके परिवार वाले मौजूद हैं।" परिजनों ने बताया कि फिरोज प्रभात खबर में काम करते हैं। 

वहीं पुलिस ने बताया कि "मामले की जांच चल रही है। कुछ चश्मदीदों से हमने बात की है। चश्मदीदों के अनुसार फिरोज शाम करीब सात बजे बाइक से औराई थाना कि तरफ से घर लौट रहे थे। इसी दौरान औराई बाजार के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। इसके साथ ही उनका सामान भी ले गए। गोली की आवाज सुनते ही कुछ लोग वहां पहुंचे और फिरोज को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।