विदर्भ में ठंड का असर, कोहरे से फ्लाइट्स प्रभावित

विदर्भ में ठंड का असर, कोहरे से फ्लाइट्स प्रभावित

Anita Peddulwar
Update: 2018-12-24 05:16 GMT
विदर्भ में ठंड का असर, कोहरे से फ्लाइट्स प्रभावित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विदर्भ में ठंड का असर दिखाई दे रहा है। लगातार दूसरे दिन विदर्भ में नागपुर सबसे ठंडा रहा। रविवार को नागपुर का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। हालांकि शनिवार की अपेक्षा रविवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि जरूर हुई है।  दूसरी तरफ  कोहरे के कारण फ्लाइट्स भी लगातार प्रभावित हो रही है। रविवार को हैदराबाद से नागपुर आने वाला इंडिगो के विमान क्रमांक 7102 को रद्द कर दिया गया। वहीं, मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 627 अपने तय समय सुबह 7.20 से करीब 45 मिनट देरी से, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 135 अपने तय समय दोपहर 12.10 से करीब डेढ़ घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 629 अपने तय समय 8.35 से करीब एक घंटा देरी से,  बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 912 अपने तय समय 9.20 से करीब 45 मिनट  देरी से पहुंचा।  दिल्ली से आने वाला इंडिगो के विमान क्रमांक 221 भी करीब एक घंटा देर रहा।  

 सोमवार को सुबह धूप खिलने से लोग ठंड से बचने धूप का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार,  सोमवार को आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिलेगी। दिन में ठंड का असर कम रहेगा, जबकि रात में ठंडी ज्यादा महसूस होगी। शनिवार व रविवार दोनों दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन रात का पारा थोड़ा ऊपर आ सकता है। यानी न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि की संभावना बनी हुई है। हिमालय व उत्तर भारत में जारी शीत लहर से ठंडी हवाएं मध्य भारत से नागपुर आ रही हैं। हवा की गति ज्यादा नहीं होने से ठंडी की चुभन थोड़ी कम है। मध्य प्रदेश से सटा होने से विदर्भ में सबसे ज्यादा ठंड नागपुर में बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से ज्यादा ही रहने की संभावना है। ठंड के कारण आसमान में विजिबिलिटी कम है।

दिसंबर का सबसे कम तापमान 4 साल पहले दर्ज हुआ
मौसम विभाग के रिकार्ड पर नजर डालें तो दिसंबर में नागपुर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा है। 29 दिसंबर 2014 को यह न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। 

बढ़ी गरम कपड़ों की मांग
ठंड से निजात पाने के लिए लोग रात में अलाव सेंकते नजर आए। गरम कपड़ों की मांग बढ़ गई है। महल, धरमपेठ, इतवारी, सदर, जरीपटका व सीताबर्डी में गरम कपड़ों की खरीदारी बढ़ गई है। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के बाहर लोग अलाव जलाकर राहत पाने की कोशिश करते देखे जा रहे हैं।