ऑनलाइन जुआ पर रोकथाम का विधेयक पारित

छत्तीसगढ़ ऑनलाइन जुआ पर रोकथाम का विधेयक पारित

Raja Verma
Update: 2023-01-04 17:03 GMT
ऑनलाइन जुआ पर रोकथाम का विधेयक पारित

डिजिटल डेस्क,रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिनी शीतकालीन सत्र तीसरे दिन ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले बुधवार को सदन में चावल घोटाले के आरोपों को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा मचाया। भाजपा विधायकों ने गर्भगृह में धरना दिया। इस दौरान केशकाल से कांग्रेस विधायक संतराम नेताम को विधानसभा उपाध्यक्ष चुन लिया गया। दो बार बाधित हुई विधानसभा की कार्यवाही दोपहर बाद पुन: शुरू हुई, तब भी माहौल नहीं बदला। भाजपा विधायक गर्भगृह में धरने पर बैठ गए। वे वहीं से नारेबाजी करते रहे। इस बीच गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सदन में जुआ प्रतिषेध विधेयक को पेश किया। उन्होंने विधेयक की जरूरत पर अपनी बात रखते हुए कहा, प्रदेश में ऑनलाइन जुआ-सट्?टा कारोबार को नियंत्रित करने के लिए कोई विशेष कानून नहीं है। ऐसे में इस कानून की जरूरत है। इस विधेयक को एक घंटे की चर्चा प्रस्तावित थी। लेकिन विपक्ष के गर्भगृह में होने की वजह से बिना चर्चा के ही विधेयक को पारित करा लिया गया। भाजपा ने विपक्ष को विश्वास में लिये बिना विधानसभा के संचालन का आरोप लगाया। भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने आसंदी पर विपक्ष का अपमान करने का आरोप लगाया। उसके बाद भाजपा विधायक विरोध जताते हुए सभा कक्ष से बाहर चले गए। कार्यसूची का काम पूरा होते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विधानसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया।

संतराम निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित

उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन की प्रक्रिया को एक ही दिन में पूरा करा लिया गया। तय था कि चार जनवरी को नामांकन होगा। पांच जनवरी को जरूरत पड़ी तो निर्वाचन होगा। लेकिन बुधवार को विधानसभा सचिवालय को केवल संतराम नेताम का नामांकन मिला। उसके बाद बुधवार दोपहर बाद निर्वाचन की प्रक्रिया भी पूरी करा ली गई। केशकाल विधायक संतराम नेताम को निर्विरोध विधानसभा का उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

Tags:    

Similar News