पुलिस ने उत्पातियों को दबोचा, 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने उत्पातियों को दबोचा, 3 आरोपी गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2021-02-22 06:56 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस ने उत्पातियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दबोचकर सीखचों में डाला।  यशोधरानगर पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपियों के नाम अनिकेत उर्फ भंते शेखर मेश्राम (20) धम्मदीप नगर, यशोधरानगर और  जावेद उर्फ पलटू अख्तर अंसारी (19) इंदिरामाता नगर यशोधरानगर निवासी है। दोनों आरोपियों को वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर कोम्बिंग ऑपरेशन अभियान के अंतर्गत अलग-अलग जगह से घातक शस्त्र के साथ पकड़ा गया।

यशोधरानगर के वरिष्ठ थानेदार अशोक मेश्राम के नेतृत्व में पुलिस दस्ते ने कार्रवाई की।  पुलिस सूत्रों के अनुसार यशोधरानगर पुलिस गत 20 फरवरी को कोम्बिंग ऑपरेशन अभियान के तहत गश्त कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने रात करीब 8.45 बजे इंदिरामाता नगर, एनआईटी गार्डन के पास आरोपी अनिकेत उर्फ भंते मेश्राम को परिसर में चाकू लेकर उत्पात मचाते पकड़ा। आरोपी से चाकू जब्त किया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई भी यशोधरानगर क्षेत्र में की गई। पुलिस ने 20 फरवरी की रात करीब 9.25 बजे प्रवेश नगर, नागपुर में आरोपी जावेद उर्फ  पलटू अख्तर अंसारी को नागरिकों को चाकू लेकर धमकाते हुए पकड़ा गया। पलटू से चाकू जब्त कर उसके खिलाफ यशोधरानगर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पत्नी सहित दो महिलाओं पर जानलेवा हमला
घरेलू कलह के चलते पत्नी सहित दो महिलाओं पर जानलेवा हमला किया गया। वाकया देर रात चंदननगर में हुआ। इमामवाड़ा थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है। जख्मी प्रियंका (40) और उसकी भाभी सुरेखा नरेश ग्वाल (35) चंदन नगर निवासी है, जबकि आरोपी ललित बाथरी (45) सांकेत नगर निवासी है। लगभग 17 वर्ष पहले प्रियंका और ललित की शादी हुई थी। शादी के कुछ वर्ष तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा, बाद में उनके गृहस्थ जीवन में कलह होने लगी।

विवाद इतना आगे बढ़ा कि एक छत के नीचे दोनों का रहना मुश्किल हो गया और तलाक की नौबत आ गई। फिलहाल उनका तलाक का मामला पारिवारिक अदालत में विचाराधीन है। जारी विवाद के चलते शनिवार की रात पौने बारह बजे ललित, प्रियंका के मायके में आया। घर में घुसकर सामान की तोड़फोड़ की। प्रियंका को शोर मचाता देखकर ललित ने उस पर कैची से वार कर दिया। शोर-शराबे से पड़ोस में रहने वाली प्रियंका की भाभी सुरेखा बीच-बचाव करने दौड़ी, तो ललित ने उसे भी कैची से मार दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस बीच प्रियंका की भतीजी निकिता (25) की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर ललित को गिरफ्तार किया गया है, जांच जारी है। 
 

Tags: