बूथ विस्तारक अभियान के जरिए विरोधी दल में सेंधमारी की तैयारी

मप्र में भाजपा बूथ विस्तारक अभियान के जरिए विरोधी दल में सेंधमारी की तैयारी

IANS News
Update: 2022-01-21 03:30 GMT
बूथ विस्तारक अभियान के जरिए विरोधी दल में सेंधमारी की तैयारी
हाईलाइट
  • मप्र में भाजपा की बूथ विस्तारक अभियान के जरिए विरोधी दल में सेंधमारी की तैयारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा के चुनावों के लिए जमीनी तैयारी तेज कर दी है, इसके लिए कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष को भाजपा संगठन पर्व के रूप में मना रही है, साथ ही दस दिन का बूथ विस्तारक अभियान शुरू किया है। इसके जरिए जहां कार्यकर्ताओं के डाटा जुटाना है, तो वहीं विरोधी दल के सक्षम और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं के करीब पहुंचना है।

भाजपा ने गुरुवार से 10 दिवसीय बूथ विस्तारक महाअभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए हर नेता दस दिन तक रोज दस घंटे इस अभियान को देगा। कुल मिलाकर हर नेता सौ घ्ांटे इस अभियान को देने वाला है। इस अभियान के दौरान जहां कार्यकर्ता का फिजिकल वेरिफिकेशन होगा, वहीं डिजिटलाइजेशन भी होगा।

प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो के सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने राजनगर विधानसभा के उदयपुरा मंडल के अंतर्गत 171 नंबर बूथ पर, केंद्रीय मंत्री तोमर ने मुरैना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पढ़ावली के बूथ नंबर 280, 281 व 282 एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने इच्छावर विधानसभा से बूथ क्रमांक 189 से विस्तारक के रूप में अभियान का श्री गणेश किया। प्रदेश शासन के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि विस्तारक के रूप में बूथ केंद्रों पर पहुंचे। 21 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोनकच्छ से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने मुरैना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पढ़ावली के बूथ में अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वावलंबी मंडल व सक्षम बूथ हमारा लक्ष्य है, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने म.प्र. के कार्यकर्ताओ को दिया है।

प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने इछावर विधानसभा क्षेत्र के आमला रामजीपुरा ग्राम में अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज से मप्र के सभी 65 हजार बूथों पर विस्तारक अभियान का शुभारंभ हुआ है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है। सभी बूथों पर पहुचे विस्तारक 10 दिन तक 10 घंटे का समय देकर संगठन का विस्तारीकरण और सशक्त करने की दिशा में कार्य करेंगे। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को डिजिटलाइज किया जा रहा है।

भाजपा के इस महाअभियान के दौरान लगातार कार्यकर्ताओं के बीच नेता रहेंगे, वहीं इस दौरान विरोधी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया जाएगा। इतना ही नहीं, जनाधार वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भाजपा की खास नजर रहने वाली है।

 

आईएएनएस

Tags: