शादी का झांसा देकर 3 वर्ष तक करता रहा दुष्कर्म,युवती ने दर्ज कराई शिकायत
शादी का झांसा देकर 3 वर्ष तक करता रहा दुष्कर्म,युवती ने दर्ज कराई शिकायत
डिजिटल डेस्क, नागपुर । शादी का झांसा देकर पिछले 3 वर्ष से युवक दुष्कर्म करता रहा। बाद में युवती को पता चला कि वह किसी और से शादी कर रहा है। तब जाकर उसने जरीपटका थाने में 16 अक्टूबर को प्रकरण दर्ज कराया था। आरोप है कि मिलने के बहाने उसने बुलाया और ट्रक के केबिन में भी जबरदस्ती की थी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्ष 2016 में हुई थी जान-पहचान
20 वर्षीय युवती की पहचान वर्ष 2016 में जरीपटका निवासी गोलू सिंह उर्फ गुरुप्रीत सिंह गिड्डल (25) से हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच दोस्ती हो गई। कुछ समय बाद दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। अक्टूबर 2017 की शाम गोलू ने उसे मिलने बुलाया। वह उसे पाटनकर चौक इलाके में खड़े अपने ट्रक के पास लेकर गया। उसने युवती से शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। आरोप है कि इनकार करने पर गोलू ने ट्रक के केबिन में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर युवती को धमकाया। वह इस घटना के बाद काफी गुमशुम रहने लगी थी।
युवक ने धमकाया था
गोलू ने युवती को धमकाया था कि यह बात किसी को बताया तो वह बदनाम कर देगा। युवती ने बदनामी के डर से किसी को कुछ नहीं बताया। कुछ समय बाद गोलू ने उसे फोन किया और उसे घर पर मिलने आने की बात की। गोलू उससे मिलने घर आया। उस समय भी उसने दुष्कर्म किया। गोलू ने शादी करने का आश्वासन दिया। बाद में पता चला कि वह किसी और लड़की से शादी करने जा रहा है। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।