चंद्रपुर में पेड़ पर गिरी गाज, महिला की मौत

आए दिन गिर रही बिजली चंद्रपुर में पेड़ पर गिरी गाज, महिला की मौत

Anita Peddulwar
Update: 2022-07-02 10:10 GMT
चंद्रपुर में पेड़ पर गिरी गाज, महिला की मौत

डिजिटल डेस्क, चिमूर (चंद्रपुर)। चंद्रपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से बिजली कहर बरपा रही है। रोज कहीं न कहीं गाज गिर रही है। अब तक करीब एक दर्जन लोगों की मौत होने की खबर है। ऐसे में चिमूर तहसील के ग्राम तलोधी नाईक में एक पेड़ पर गाज गिरी। जिससे पेड़ में आग लग गई थी। घटना में सरपंच की बेटी बाल-बाल बच गई। दूसरी ओर मासल बु. में खेत का काम निपटाकर घर आ रही महिला की गाज की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका का नाम प्रियंका किशोर मोडक बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चिमूर का साप्ताहिक बाजार था। सुबह थोड़ी धूप निकली थी, दोपहर के समय आकाश में अचानक बादल छाए और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई। तहसील से कुछ किमी दूरी पर स्थित तलोधी (नाईक) में शाम साढ़े 4 बजे के दौरान ग्राम पंचायत तलोधी से कुछ दूरी पर स्थित नीम के पेड़ पर बिजली गिरी।  इसमें पेड़ का कुछ हिस्सा जल गया। इस समय जिप शाला की छुट्‌टी हुई थी। उस समय सरपंच की बेटी प्राची मदनपाल येसांबरे व कलश गुडधे कक्षा पहली के दोनों विद्यार्थी घर की ओर जा रहे थे, घटना में यह बाल-बाल बच गए। परिसर में रिमझिम बारिश का दौर शुरू है। दरम्यान मासल (बु) की 35 वर्षीय महिला खेत में काम कर रही थी। 
काम निपटाकर घर की ओर आते समय बिजली गिरी। ऐसे में बिजली के झटके से मौत होने की जानकारी मिली है। मृतका का नाम प्रियंका किशोर मोडक बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस कर रही है। 

Tags: