तुम्हारे विधायक टूटने को तैयार तो हम क्या करेः मुनगंटीवार

 तुम्हारे विधायक टूटने को तैयार तो हम क्या करेः मुनगंटीवार

Anita Peddulwar
Update: 2020-03-04 13:40 GMT
 तुम्हारे विधायक टूटने को तैयार तो हम क्या करेः मुनगंटीवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मध्यप्रदेश में शुरु सत्ता संग्राम का असर महाराष्ट्र विधानमंडल सत्र के दौरान भी दिखाई दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्य के पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने जहां भाजपा की तुलना कोरोना वायरस से कर दी वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि कांग्रेस ने अपने नेताओं को ऐसे ही संस्कार दिए हैं तो हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने चुनौती दी कि महाराष्ट्र में भाजपा के 105 सदस्य हैं, हमारे एक विधायक तोड़ कर दिखाओ। 

विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा अपने इरादों में कामयाब नहीं हो पाएगी। कमलनाथ एक सक्षम मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आपरेशन लोटस नहीं बल्कि कोरोना वायरस जैसी है। इसका एंटीबॉयोटिक खोजने की हम कोशिश कर रहे हैं। राज्य के पूर्व वित्तमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने चव्हाण के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सी फॉर कोरोना और सी फॉर कांग्रेस होता है। भाजपा नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों का कमलनाथ सरकार से मोहभंग हो गया है। वे अपनी पार्टी के विधायकों को संभाल नहीं पा रहे हैं तो हम क्या करें। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारे 105 विधायक हैं। चाहे जितनी कोशिश कर ले एक विधायक भी नहीं तोड़ सकते। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि चाहे जितनी ताकत लगा लो पर सफलता नहीं मिलेगी। 

Tags:    

Similar News