दहशत में मरीज: जिला अस्पताल में मधुमक्खियों का आतंक बरकरार, दो दिनों में दो बार बिफराई मक्खियां, प्रबंधन नहीं दे रहा ध्यान

  • जिला अस्पताल में मधुमक्खियों का आतंक
  • दो दिनों में दो बार बिफराई मक्खियां
  • एक्सपर्ट बोले- तेज गर्मी की वजह से बिफरा रही मधुमक्खियां

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-25 09:13 GMT

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की पांच मंजिला इमारत के तीसरे फ्लोर पर मधुमक्खियों का डेरा है। यहां लगे छत्तों की मधुमक्खियां कभी भी बिफरा जाती है। बीते शनिवार को एक दंपती और लकवा पीडि़त पेशेंट समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों पर मक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया था। प्रबंधन ने अभी तक मक्खियों के छत्तों को हटाने कोई कार्रवाई नहीं की है। गुरुवार और शुक्रवार दोपहर को भी मक्खियां बिफराई थी, गनीमत है कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचाई।

गौरतलब है कि तीसरे फ्लोर में मेजर ओटी के सामने ही मधुमक्खियों के छत्ते लगे है। ओटी के अलावा यहां सर्जिकल वार्ड भी है। जहां मक्खियों के छत्ते लगे है वहां से मरीजों का गुजरना होता है। मधुमक्खियों के लगातार हो रहे हमले से भर्ती मरीज व परिजन दहशत में है।

जिले में आधा दर्जन से अधिक हमले

पिछले एक महीने में शहर समेत जिलेभर में मधुमक्खियों के हमले के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके है। लावाघोघरी, पांढुर्ना और सौंसर में मक्खियां कई लोगों को घायल कर चुकी है। मधुमक्खियों के हमले से घायल एक अधेड़ की जान भी जा चुकी है।

गर्मी में उग्र होती है मक्खियां

मधुमक्खी पालक संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि गर्मी में अक्सर मक्खियां उग्र हो जाती है। इसी वजह से मधुमक्खियों के हमले बढ़ रहे है। कई बार धुएं या किसी के द्वारा छत्ते में छेड़छाड़ करने से भी मक्खियां उग्र हो जाती है।

डॉ.एमके सोनिया (सीएस, जिला अस्पताल) ने बताया कि मरीज और उनके परिजनों पर मधुमक्खियों के हमले की जानकारी मिली है। तीसरी मंजिल पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को जल्द हटवाया जाएगा।

Tags:    

Similar News