- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अमरावती मनपा में 8 मनोनीत सदस्य...
Amravati News: अमरावती मनपा में 8 मनोनीत सदस्य घोषित, पांच नए चेहरों को मिला मौका

Amravati News महानगर पालिका चुनाव के दौरान टिकट वितरण को लेकर भाजपा सहित लगभग सभी प्रमुख दलों में असंतोष की स्थिति बनी थी। उस समय नेताओं द्वारा नाराज कार्यकर्ताओं को भविष्य में समायोजन का आश्वासन दिया गया था। इसी कड़ी में अब अमरावती महानगरपालिका (मनपा) में मनोनीत सदस्यों की घोषणा के साथ राजनीतिक समीकरण स्पष्ट हो गए हैं।
87 सदस्यीय सभागृह में इस बार आठ मनोनीत सदस्यों को अवसर दिया गया है। घोषित नामों में तीन पूर्व पार्षदों के साथ पांच नए चेहरों को भी सदन तक पहुंचने का मौका मिला है। जिससे मनपा की सदस्य संख्या बढ़कर 95 हुई है।
बिना मतदान हुई नियुक्ति : मनोनीत सदस्यों के चयन को लेकर सभागृह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन इस बार सभी दलों ने अपने-अपने गटनेताओं के माध्यम से पीठासीन सभापति को पत्र सौंपकर नाम प्रस्तावित किए। सभापति ने सीधे नामों की घोषणा कर दी।
सामान्य जनता और कला क्षेत्र पर फोकस: एड. प्रशांत देशपांडे ने कहा कि वे केवल विधिक सलाहकार के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक और नाट्य क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति के रूप में भी कार्य करेंगे। वे बुनियादी समस्याओं के साथ कला एवं सांस्कृतिक विकास पर ध्यान देंगे।
रेनवॉटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य बनाने की मांग: भोजराज काले ने शहर में गिरते जलस्तर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बहुमंजिला इमारतों को अनुमति देते समय रेनवॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य की जानी चाहिए और जिन इमारतों में यह व्यवस्था नहीं है, उन पर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रशासक काल की अनियमितताओं को उठाएंगे : मिलिंद चिमोटे ने कहा कि चार वर्ष के प्रशासक काल में लिए गए निर्णयों, टेंडर प्रक्रिया और सफाई ठेकों में हुई कथित अनियमितताओं को वे सभागृह में उठाएंगे। संपत्ति कर से जुड़ी समस्याओं को भी प्राथमिकता देंगे।
स्वास्थ्य, हॉकर्स और यातायात मुद्दे : अनिल अग्रवाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं, हॉकर्स जोन और ट्रैफिक व्यवस्था जैसे प्रमुख मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही।
स्वच्छता और शिक्षा पर ध्यान: प्रा. संजय तिरथकर ने शहर में बिगड़ती स्वच्छता और ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीर बताया। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र के विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
ग्रीन सिटी परियोजनाओं को बढ़ावा : संजय हिंगासपुरे ने कहा कि लंबित ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही अमरावती-बडनेरा नामकरण का मुद्दा भी सभागृह में उठाया जाएगा।
बुनियादी सुविधाओं पर फोकस: सैयद मुनज्जर अली ने कहा कि सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली सफाई और स्वच्छता जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता देकर आम जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
Created On :   21 Feb 2026 4:49 PM IST















