- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- शिक्षक से मारपीट और अभद्रता का...
अनूपपुर न्यूज: शिक्षक से मारपीट और अभद्रता का आरोप, आजाद शिक्षक संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कार्यालय में शिक्षक के साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ जिला इकाई अनूपपुर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार 12 अगस्त 2026 को जिला परियोजना समन्वयक संजय कुमार मिश्रा द्वारा शासकीय प्राथमिक शिक्षक श्री इंद्र सिंह राजपूत के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक को कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-80 में बुलाकर दरवाजा बंद किया गया तथा उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। संघ ने इसे गंभीर एवं शर्मनाक घटना बताते हुए कहा कि शिक्षक हृदय रोग से पीड़ित हैं और ऐसी घटना से अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
ज्ञापन में बताया गया कि शिक्षक ने विद्यालय स्तर पर चल रहे निर्माण कार्य की बकाया 10 प्रतिशत राशि के भुगतान से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए 181 के माध्यम से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत बंद कराने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा शिक्षक पर दबाव बनाया गया। शिक्षक द्वारा शिकायत बंद न करने पर कथित रूप से धमकी भी दी गई।
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शिक्षकों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संघ ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Created On :   21 Aug 2026 6:43 PM IST












