बालाघाट न्यूज: धरातल पर नहीं उतर पाई योजना, उम्मीदों की आस अब भी धुंधली

धरातल पर नहीं उतर पाई योजना, उम्मीदों की आस अब भी धुंधली
ये कैसा विकास: 4 साल से अधूरे में बस स्टैंड का शॉपिग कॉम्प्लेक्स, साल 2022 में शुरु हुआ था निर्माण

भास्कर न्यूज, परसवाड़ा,बालाघाट.सरकार की जनकल्याणकारी योजना अंतर्गत भले ही सरकार करोड़ो रुपए खर्च कर रही है, लेकिन योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर देखने को नहीं मिल रहा है। हैरानी इस बात कि है कि परसवाड़ा में विकास का खाका तैयार करते हुए साल 2022 में बस स्टैंड में शॉपिग कॉम्पलेक्स का निर्माण शुरु किया गया था, लेकिन चार साल का वक्त गुजर जाने के बाद भी निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है। उम्मीदों की आस अब भी लोगों के बीच धुंधली ही बनी हुई है।

योजना का क्रियान्वयन नहीं

विकास और सुविधाओं के दावों के बीच परसवाड़ा बस स्टैंड की बदहाल तस्वीर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। यहां का बस स्टैंड परिसर बारिश मौजूदा दौर में कीचड़, जलभराव और गड्ढों से जूझ रहा है। विडंबना यह है कि इन समस्याओं को लेकर बार-बार जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्ययोजना धरातल पर नही उतर पाई है।

ऊपरी मंजिल की नहीं हो पाई छत ढलाई

बतादें कि करोड़ो की लागत से बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल पर छत डालने का काम तक पूरा नहीं हो सका है। बताया गया है कि कॉम्प्लेक्स में दो तल का निर्माण किया जा रहा है। निचले तल का निर्माण ग्राम पंचायत खरपडि़य़ा की एजेंसी द्वारा पूरा किया जा चुका है और यहां बनी दुकानों की नीलामी जनपद पंचायत के माध्यम से की जा चुकी है। वहीं ऊपरी तल का निर्माण ग्राम पंचायत परसवाड़ा द्वारा कराया जा रहा है। इसके बावजूद वर्षों बीत जाने के बाद भी ऊपरी तल अधूरा पड़ा है।

क्या है दिक्कत, पता नहीं

अधूरे निर्माण को लेकर व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन निर्माण पूरा कराने की दिशा में अपेक्षित गंभीरता नजर नहीं आई। ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि यदि निर्माण में तकनीकी, प्रशासनिक या किसी अन्य प्रकार की समस्या है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है? काम क्यों रुका है, किस स्तर पर अटका है और इसे पूरा करने की समयसीमा क्या है, इन सवालों का जवाब क्षेत्र की जनता जानना चाहती है।


Created On :   31 Aug 2026 8:37 PM IST

Tags

Next Story