सरकार आपके द्वार: गठबंधन सरकार का रिपोर्टकार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे शिंदे, बोले - देश को आगे बढ़ना है तो मोदी के बिना कोई विकल्प नहीं

गठबंधन सरकार का रिपोर्टकार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे शिंदे, बोले - देश को आगे बढ़ना है तो मोदी के बिना कोई विकल्प नहीं
  • 1 करोड़ 84 लाख लोगों को मिला लाभ
  • उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा - जिले के विकास के लिए हमारी सरकार वचनबद्ध है
  • फसल का सही दाम मिले, इस तरफ सरकार तेजी से काम कर रही है

डिजिटल डेस्क, बीड, सुनील चौरे। तीन राज्यों में मिली जीत के बाद बीजेपी महाराष्ट्र में बेहद उत्साहित दिख रही है। साथ ही गठबंधन में अगला सीएम कौन इसे लेकर जुबानी जंग जारी है। इसी बीच वैद्यनाथ परली में मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गठबंधन सरकार का रिपोर्टकार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा की सरकार आपके द्वार एक क्रांतिकारी योजना है, जो आम जनता तक पहुंच रही है। अबतक मुख्यमंत्री सहायता कोष से 100 करोड़ से अधिक की मदद की जा चुकी है, जब्कि पिछली सरकार के ढाई साल में मात्र ढाई करोड़ ही खर्च हुए थे। शिंदे ने कहा कि देश को आगे बढ़ना है, तो मोदी के नेतृत्व के बिना और कोई दूसरा विकल्प नहीं है। शिंदे ने कहा कि चंद्रयान 3 की सफल उड़ान के पीछे इसरो और वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इच्छाशक्ति और प्रेरणा भी शामिल है।


निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि इन कार्यक्रमों के कारण विपक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटकर नागरिक हमें समर्थन दे रहे हैं। शिंदे ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार के कार्यों के कारण कई लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। विपक्ष के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने काम करना बंद कर दिया था, लेकिन अब हमारे काम से पेट में दर्द हो रहा है। योजना से लोगों को फायदा हो रहा है।

पिछली सरकार ने तो घर से काम किया था। कोविड-19 महामारी के दौरान यही नजारा था, लेकिन हम लोगों के दरवाजे तक पहुंच रहे हैं। शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते कहा कि जब आपके पास मौका था, तो आपने लोगों के विकास के लिए काम क्यों नहीं किया। सत्ता खोने के बाद विपक्ष अपनी जमीन लगभग खो चुका हैं।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि आरक्षण के चलते कोई भी जाती पर अन्याय नही होगा। मराठा समुदाय को आरक्षण देना सरकार की ज़िम्मेदारी है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। हमारा गठबंधन एक मजबूत धागा है। हम मिलकर विकास कार्य करेंगे।


उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किसानों को फसल का सही दाम मिले, इस तरफ सरकार तेजी से काम कर रही है। किसानों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के साथ बैठक की जाएगी। मराठवाड़ा को सूखा मुक्त बनाने का लक्ष्य है। महिलाओं को एसटी यात्रा पर 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 लाख महिलाओं को घर दिया जा रहा है। आशा कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाया गया है। वैद्यनाथ विकास कार्य की योजना को पीएम मोदी से मंजूरी दिलवाई जाएगी।

विकास योजना के तहत भूमिपूजन

मुख्यमंत्री एक नाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और कृषि मंत्री धनजय मुंडे ने वैद्यनाथ भगवान के दर्शन कर मंदिर परिसर में विकास योजना के तहत 268 करोड़ 68 लाख रूपए की लागत से तीर्थ निर्माण का भूमिपूजन किया।


जिले के विकास के लिए हमारी सरकार वचनबद्ध है-उपमुख्यमंत्री पवार

वहीं उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट 'सरकार आपके द्वार' महाराष्ट्र के कोने-कोने में जा रहा है। जिसके जरिए किसानों, आदिवासियों, बेरोजगार युवाओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसके लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। अजित पवार ने विश्वास जताया कि जिले के किसी भी काम के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। पहले लाभार्थियों को अक्सर दलालों के चक्कर काटने पड़ते थे, इसलिए अंतिम व्यक्ति तक मदद नहीं पहुंच पाती थी, लेकिन अब योजनाएं आपके दरवाजे तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कृषि मंत्री धनंजय मुंडे और सरकार मिलकर काम कर रही है, जिसके तहत किसानों के हित में कृषि विभाग के 75 मुद्दों को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। जिसका फायदा किसानो को मिलेगा।



Created On :   5 Dec 2023 3:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story