MP News: बाजारों में बिक रहे नकली और अमानक दूध, घी और दूध से बने प्रोडक्ट, 321 सैंपल की जांच में 73 मिले अमानक

बाजारों में बिक रहे नकली और अमानक दूध, घी और दूध से बने प्रोडक्ट, 321 सैंपल की जांच में 73 मिले अमानक

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बाजारों में बिक रहे दूध, घी और दूध से बने कई प्रोडक्ट सुरक्षित नहीं हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नकली दूध, घी और दूध से बने उत्पादों को लेकर कार्रवाई की है। विभाग की 20 जुलाई से 10 अगस्त तक की गई कार्रवाई में प्रदेशभर से 2234 सैंपल जांच के लिए जब्त किए गए। यानी कुल 44407 किलो खाद्य सामग्री सैंपल जांच के लिए बाजार से जब्त की गई। जिसकी अनुमानित कीमत 2.73 करोड़ रुपए है।

अधिकारियों ने बताया कि अभी कुल 321 सैंपलों की जांच खाद्य प्रयोगशाला में की गई है। जिसमें 73 सैंपल अमानक मिले हैं। दूध, घी, मावा खाद्य पदार्थों के 14 सैंपल असुरक्षित पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। सेफ नहीं पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के निर्माण स्रोतों को चिन्हित कर सामग्री जब्त की गई है। इसके साथ ही इनके लाइसेंस को भी निलंबित किए गए हैं।

प्रदेश में 25 से अधिक घी के ब्रांड पर संदेह के चलते सैंपल की जांच खाद्य प्रयोगशाला में कराई गई। जानकारी के मुताबिक 8 घी ब्रांड जांच में अमानक मिले। इन पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। खाद्य पदार्थ में मिलावट पाए जाने पर 8 लाइसेंस या पंजीयन निरस्त किए गए हैं। विभाग के अनुसार एफएसएस एक्ट के तहत 38 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। एक पर एफआईआर दर्ज की गई है। पिछले साल अमानक या नकली पाए गए खाद्य पदार्थों को भी बाजारों से रिकॉल करते हुए कार्रवाई की गई है।

इन घी ब्रांडों पर हुई कार्रवाई

खाद्य विभाग की प्रयोगशाला में घी के सैंपल की जांच में द्वारकेश घी, शगुन घी, गोवर्धन घी, दानेदार घी, भूमि घी, धोलपुर फ्रेश घी, वास्तु घी, गोपी घी असुरक्षित पाए गए। जब्त किए गए सैंपल में 8 का लाइसेंस या पंजीयन निलंबित किया गया।

खाद्य पदार्थ सैंपल

दूध व उत्पाद 2234

दूध 849

मावा 106

पनीर 296

घी 601

अन्य दूध उत्पाद 382

इनका कहना है

नकली दूध, घी और दूध से बने उत्पादों की जांच के लिए बाजारों से सैंपल लिए जा रहे। कई जिलों से आए सैंपलों की प्रयोगशाला में जांच की गई है। अभी 73 सैंपल अमानक मिलने पर कार्रवाई की गई है। जिलों से लगातार सैंपल आ रहे । जिनकी प्रयोगशाला में जांच होगी। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   13 Aug 2026 11:16 PM IST

Tags

Next Story