Bhopal News: कांग्रेस के गांधी परिवार में सब नकली गांधी, वे गांधीजी के उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करते हैं-मुख्यमंत्री

कांग्रेस का गांधी परिवार महात्मा गांधी जी के परिवार के उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करते है।

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सोमवार को भोपाल में प्रदेश कार्यालय में आयोजित जी राम जी योजना की कार्यशाला में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी जी के नाम का हमेशा राजनीतिक दुरुपयोग किया। कांग्रेस के गांधी परिवार में सब नकली गांधी हैं। रामजी को भी नहीं मानते।। उन्होंने हमेशा गांधी के विचारों का दमन किया।

महात्मा गांधी के नाम का उपयोग करने वाली कांग्रेस भगवान राम विरोधी है। कांग्रेस का गांधी परिवार महात्मा गांधी जी के परिवार के उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करते है। वीबी-जी रामजी योजना में भगवान श्रीराम का नाम जुड़ गया तो कांग्रेस विरोध पर उतर आई। कांग्रेस ने महात्मा गांधी जी के नाम का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया।

कांग्रेस ने नरेगा को गांधी जी के नाम से जोड़कर मनरेगा कर झूठ बोलने का अभियान चलाया। आज भी गांधी जी के नाम को भुना रही है। इसकी कीमत आने वाले समय में कांग्रेस को चुकाना पड़ेगी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने परिवारवाद के भाव को आगे बढ़ाया और सत्ता पर काबिज हुईं। उस दौर में भी कांग्रेस में कई बडे-बड़े नेता थे, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया।

गांधी जी ने सहजता से इंदिरा को गांधी नाम दिया था, लेकिन कांग्रेस आज भी गांधी जी के नाम को भुनाकर देश-दुनिया में उनकी विरासत का उत्तराधिकारी बताकर ढोंग करती है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने एक वोट के कारण सत्ता छोड़ दी थी, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। यही भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है। उन्होंने कहा कि कुछ दल राजनीति और वोट बैंक के आधार पर सत्ता चलाते हैं। भाजपा मूल्यों के लिए सत्ता का त्याग भी कर देती है।

नेहरू को विदेशी वस्तुओं से था प्यार

खंडेलवाल ने कहा जवाहरलाल नेहरू विदेशी वस्तुओं से प्रेम करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के खादी और स्वदेशी को बढ़ावा देकर जन आंदोलन बनाया। वर्तमान में खादी का बैग लेकर चलने पर लोग गर्व करते हैं। प्रधानमंत्री महात्मा गांधी के सपनों का भारत बना रहे हैं। अब 125 दिन के रोजगार की गारंटी है। रोजगार नहीं मिलने की दिशा में बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। राज्य सरकारों को अधिकार दिया गया है कि वह फसलों की बुवाई और कटाई के लिए मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने 60 दिन अधिसूचित कर सकते हैं। अब कृषि श्रमिकों की मांग भी पूरी हो सकेगी। मजदूरों को रोजगार मिल सकेगा।

600 संस्थानों को नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर किया गया

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि समय के अनुसार बदलाव होता रहा है। कांग्रेस ने लगभग 600 सरकारी संस्थानों को नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर किया था। ग्रामीण आवास योजना का नाम बदलकर इंदिरा आवास योजना, ग्रामीण विद्युतीकरण योजना को राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना कर दिया था।

खेल पुरस्कार को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार किया। उन्होंने कहा कि जनता को यह भी पता होना चाहिए कि जब यह योजना बनी थी उसका नाम नरेगा था। कांगेस ने राजनीतिक हितों के लिए इस योजना में महात्मा गांधी जी का नाम जोड़ा था। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

पूरे प्रदेश में जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर समितियां, सम्मेलन, चौपाल, पदयात्राएं, रैलियां, वर्चुअल कार्यशालाएं, सोशल मीडिया और प्रचार अभियान चलाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता किसान संगठन हर गांव, हर घर तक पहुंचेगा।

Created On :   14 Jan 2026 5:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story