Bhopal News: मप्र में 5वीं और 8वीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी

शासकीय, अशासकीय और मदरसा स्कूलों के लगभग 24 लाख 90 हजार विद्यार्थी होंगे परीक्षा में शामिल

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मप्र में शिक्षण सत्र 2025-26 की कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी। राज्यर शिक्षा केंद्र ने निर्देश जारी किय दिए हैं। परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी और 28 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 12 हजार 920 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 25 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी स्कूलों और मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। इस वर्ष 1 लाख 10 हजार 615 शासकीय, निजी शालाओं और मदरसों के लगभग 24 लाख 90 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

इसमें से 522 निजी विद्यालयों के 20 हजार 736 विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के पृथक प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। अन्य विषयों के प्रश्न पत्र राज्य के निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के आधार पर बनाए गए हैं। हर पात्र विद्यार्थी को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कोई विद्यार्थी यदि किसी कारणवश परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है, तो उसे भी परीक्षा में शामिल करने के निर्देश केन्द्र अध्यक्षों को दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों की तकनीकी जानकारी परीक्षा उपरांत दर्ज की जाएगी। परीक्षा में 86 हजार 109 शासकीय शालाओं, 23 हजार 980 अशासकीय शालाओं एवं 525 मदरसों के विद्यार्थी भाग लेंगे।

पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों का सत्यापन

परीक्षा के संचालन के लिए विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल से विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण, केन्द्राध्यक्षों की मैपिंग, सामग्री वितरण, रोल नंबर और प्रवेश पत्र जारी करने की सुविधा है। इसके साथ ही उपस्थिति दर्ज करने, मूल्यांकन कार्य और अंकसूची जारी करने की व्यवस्था भी इसी पोर्टल से की जाएगी।

Created On :   5 Feb 2026 7:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story