Chandrapur News: अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ , 91 लाख के 500 रुपए के नकली नोट जब्त

अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ , 91 लाख के 500 रुपए के नकली नोट जब्त
  • एक आरोपी गिरफ्तार , अन्य फरार
  • बड़ी वारदात को अंजाम देेने की फिराक मेें थे आरोपी

Chandrapur News चंद्रपुर शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने दुर्गापुर परिसर के मेजर गेट के पास स्थित एक फ्लैट से 91 लाख 15 हजार रुपए के नकली 500 रुपए के नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च को स्थानीय अपराध शाखा की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि ऊर्जानगर मेजर गेट के पास राजश्री अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 203 में कुछ लोग नकली 500 रुपए के नोट तैयार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर एलसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और फ्लैट पर छापा मारा। छापे के समय फ्लैट पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने फ्लैट के मालिक बंगाली कैंप निवासी सुमित कालीपथ पॉल को बुलाकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि यह फ्लैट पिछले एक महीने से मध्यप्रदेश के कुछ लोगों को किराए पर दिया गया है। इसके बाद फ्लैट मालिक और पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बेडरूम से 10 बॉक्स में भारतीय चलन के नोट जैसे दिखने वाले नकली 500 रुपए के नोट, एक कलर प्रिंटर तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त किए गए नकली नोटों की कुल कीमत 91 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने जांच के दौरान फ्लैट में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई और मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के पंचेड निवासी शुभम दिनेश नागर (26) को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने किसी को फंसाने के उद्देश्य से नकली नोट तैयार किए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुर्गापुर पुलिस थाना में धारा 318(2), 318(3), 336(2), 336(3) और 182(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी को न्यायालय मंे पेश करने पर उसे दो दिन पुलिस कस्टडी में रखने के आदेश दिए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीवाईएसपी तथा परिविक्षाधीन पुलिस अधीक्षक कायंदेपाटील के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पीआई काचोरे, एपीआई कांकरेडवार, झाडोकर, पीएसआई निंभोरकर, बेलसरे, गौरकार सहित पुलिस कर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Created On :   12 March 2026 3:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story