- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- साहूकारी के जाल में फंसे किसान ने...
महाराष्ट्र के चंद्रपुर की खबर: साहूकारी के जाल में फंसे किसान ने कंबोडिया में बेची किडनी, 8 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

Mumbai News. चंद्रपुर की नागभीड तहसील के मिथूर गांव के एक छोटे किसान को साहूकारों ने कर्ज के जाल में फंसाकर कंबोडिया में अपनी किडनी बेचने के लिए मजबूर कर दिया। इस संबंध में राज्य सरकार के गृह विभाग ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से 8 को गिरफ्तार किया जा चुका है। बुधवार को विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान भाजपा सदस्य अतुल भातखलकर और कांग्रेस सदस्य विजय वडेट्टीवार ने यह मामला सदन में उठाया। गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) पंकज भोयर ने जवाब देते हुए कहा कि इस मामले की विशेष जांच कमेटी (एसआईटी) के जरिए जांच की जा रही है।
क्या है मामला?
भोयर के अनुसार पीड़ित किसान ने छह आरोपियों से कुल 9 लाख 15 लाख रुपए का कर्ज लिया था। अत्यधिक ब्याज के कारण किसान ने साहूकारों को 48 लाख 53 हजार रुपए और एक एकड़ जमीन चुकता कर दी, फिर भी वसूली जारी रही। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए आरोपी साहूकार किसान को नौकरी दिलाने के बहाने कंबोडिया लेकर गए और जहां उसने अपनी एक किडनी 8 लाख रुपए में बेच दी और 6 लाख रुपए का कर्ज फिर चुकता किया। जांच में सामने आया है कि इस रैकेट के तार दिल्ली, तमिलनाडु और पंजाब तक फैले हैं। सोलापुर के एक एजेंट के जरिए न सिर्फ पीड़ित, बल्कि अन्य 9 लोगों की किडनी भी कंबोडिया और तमिलनाडु में बेचे जाने की जानकारी मिली है। इस मामले से जुड़े 6 और अंग तस्करी से जुड़े 5 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 8 को गिरफ्तार किया जा चुका है। 6 आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, 2 को जमानत मिली है, जबकि 3 आरोपी फरार बताए गए हैं, जिनमें से 2 को अंतरिम जमानत मिल गई है। इस मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) के जरिए की जा रही है।
यह भी पढ़े -बीएमसी ने पेश किया साल 2026-27 का बजट, अक्टूबर से लागू होगा इंटरटेनमेंट टैक्स, जानें किन चीजों पर लगेगा बैन
आरोपियों पर मकोका लगाने की मांग
विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए अतुल भातखलकर ने दावा किया कि इस किडनी रैकेट की जड़ें दिल्ली और दक्षिण भारत तक फैली हैं। भातखलकर ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और मुख्य आरोपियों व संबंधित साहूकारों पर मकोका के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस सदस्य विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि इसमें दिल्ली के एक पद्मश्री सम्मानित डॉक्टर का भी नाम सामने आया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार ऐसे प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का साहस दिखाएगी? इस पर जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो कानून को और कड़ा किया जाएगा।
Created On :   25 Feb 2026 9:46 PM IST












