- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- धुले
- /
- गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी...
Dhule News: गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी बाबा धीरजसिंह पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर - हिरासत में आरोपी

- धुलिया शहर के मोहाडी उपनगर में हड़कंप
- ज्ञानी बाबा धीरजसिंह पर जानलेवा हमला
- पुलिस की हिरासत में आरोपी
Dhule News. धुलिया शहर के मोहाडी उपनगर में मुंबई–आग्रा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गुरुद्वारे में आज सुबह मुख्य ग्रंथी व गुरुद्वारा प्रबंधक ज्ञानी बाबा धीरजसिंह पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल बाबा धीरजसिंह का उपचार धुलिया के सिद्धेश्वर हॉस्पिटल में किया जा रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज सुबह ज्ञानी बाबा धीरजसिंह गुरुद्वारे के अहाते में कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। तभी उमेश नामक व्यक्ति पीछे से आया और उनके सिर व गर्दन के पीछे के हिस्से पर तलवार से अचानक हमला कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
बाबा धीरजसिंह को बचाने पहुंचे रणबीरसिंह भी घायल हो गए, जब आरोपी ने उनके पैर पर तलवार से वार किया। हमलावर उमेश (उम्र 22 वर्ष) स्वयं भी गुरुद्वारे में सेवक के रूप में कार्य करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत सिद्धेश्वर हॉस्पिटल पहुंचे। जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय देवरे, धुलिया उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजकुमार उपासे, शहर पुलिस थाना निरीक्षक दीपक पाटील, हेड कांस्टेबल महेश मोरे, देवपुर पुलिस थाना निरीक्षक समाधान वाघ और सपुनि बोरसे ने अस्पताल पहुँचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और घायल बाबा धीरजसिंह की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस बीच, अस्पताल के बाहर बाबा धीरजसिंह के समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। शहर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उसे सरकारी हिरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि हमले के दौरान किसी व्यक्ति ने सिर हिलाकर आरोपी को इशारा किया था। हालांकि, पूरा सच पुलिस की विस्तृत जांच के दौरान ही सामने आएगा।
Created On :   1 Dec 2025 6:47 PM IST












