- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- मांगों को लेकर आंगनवाड़ी सेविकाओं...
Gadchiroli News: मांगों को लेकर आंगनवाड़ी सेविकाओं ने किया ठिया आंदोलन

Gadchiroli News सरकार द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र में मानधन तत्व पर सेविकाओं और सहायिकाओं को नियुक्त किया गया है। अब तक इन कर्मचारियों को सरकारी वेतनश्रेणी का लाभ लागू नहीं किया गया है। बावजूद इसके गत अप्रैल माह से चामोर्शी तहसील की दर्जनों आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं का सरकारी राशन बंद कर दिया गया है। इसी कारण संतप्त हुए इन कर्मचारियों ने सोमवार, 1 दिसंबर को गड़चिरोली पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के कक्ष के समक्ष दिनभर ठिया आंदोलन किया।
जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा द्वारा इस समस्या का निवारण करने का आश्वासन देने के बाद यह महिलाएं शाम के दौरान अपने-अपने घर लौटी। अपने ज्ञापन में आंगनवाड़ी सेविकाओं ने बताया कि, केंद्र व राज्य सरकार ने गरीब व जरूरतमंद लोगों को सरकारी राशन दुकानों से विभिन्न प्रकार का अनाज उपलब्ध कराना शुरू किया है। सरकारी कर्मचारियों को यह लाभ देय नहीं है। आंगनवाड़ी सेविकाएं भी सरकारी कर्मचारी नहीं है। वह केवल मानधन तत्व पर कार्य कर रही है। लेकिन चामोर्शी तहसील की अधिकांश सेविकाओं का राशन गत अप्रैल माह से बंद कर दिया गया है जिससे जीवनयापन में उन्हें कठनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बंद किया गया राशन तत्काल शुरू कराने की मांग को लेकर इन कर्मचारियों ने दिनभर जिलाधिकारी के कक्ष के समक्ष बैठकर ठिया आंदोलन किया। वर्तमान में चुनावी दौर शुरू होने के कारण जिला चुनाव अधिकारी व जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा अपने व्यस्ततम कार्य में व्यस्त थे। उन्होंने देर शाम आंगनवाड़ी सेविकाओं की भेंट लेकर इस समस्या का निवारण करने का आश्वासन दिया जिसके बाद सभी महिलाएं अपने-अपने घर लौटी।
Created On :   2 Dec 2025 4:30 PM IST















