- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत,...
Gadchiroli News: बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत, हादसे में 4 की दर्दनाक मौत हुई, 12 गंभीर रूप से घायल

Gadchiroli News. चामोर्शी-गढ़चिरोली मार्ग पर तलोधी (मोकासा) गांव के समीप रविवार, 29 मार्च की शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ। विवाह समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो और सामने से आ रही ट्रैवल्स वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (क्रमांक MH-46-P-5392) चामोर्शी-गढ़चिरोली मार्ग से भाड़भिडी (मोकासा) की ओर जा रही थी। इसी दौरान गढ़चिरोली से चामोर्शी की ओर आ रही ट्रैवल्स (क्रमांक MH-15-CK-5005) ने तलोधी (मोकासा) के पास स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने चामोर्शी के ग्रामीण अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विमल गव्हारे, सुमन गव्हारे, अनिकेत बर्लावार और आरोही मोंगरकर के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में निखिल जराते, प्रतिमा मोंगरकर, देवाजी गव्हारे, वेदांत गव्हारे, गुरुदेव कुनघाडकर, संजय वैरागडे, कृणाल कन्नाके, सुधाकर कुनघाडकर, अमर चलाख, रेखा चलाख, करण कुमरे और गुरुदास वासेकर शामिल हैं।
सभी घायलों को पहले चामोर्शी के ग्रामीण अस्पताल में वैद्यकीय अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार किलनाके की देखरेख में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल, गढ़चिरोली रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद चामोर्शी तहसील सहित पूरे गढ़चिरोली जिले में शोक का माहौल है। मामले की आगे की जांच चामोर्शी पुलिस कर रही है।
Created On :   29 March 2026 10:00 PM IST












