Gondia News: 1 हजार पौधे रोपे थे, वो दफन हुए, अब उसी जमीन पर फिर इतने ही पौधे रोपेंगे

1 हजार पौधे रोपे थे, वो दफन हुए, अब उसी जमीन पर फिर इतने ही पौधे रोपेंगे
आदर्श सांसद ग्राम पाथरी में वर्ष 2017-18 में लगाए पौधों में से एक भी पेड़ नहीं बन पाया

Gondia News महाराष्ट्र को हरित बनाने के लिए शासन की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत पौधारोपण पर करोड़ों रुपए खर्च किये जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते पौधे जमीन में दफन हो गए हंै। इसी तरह का एक मामला गोरेगांव तहसील के सांसद आदर्श ग्राम पाथरी में सामने आया है। 5 वर्ष पहले जिस जमीन पर 1 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया था, वो देखरेख के अभाव में भूमि में दफन हो गए। अब उसी जमीन पर फिर से 1 हजार पौधे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस तरह से शासन की निधि का किस तरह से दुरुपयोग हो रहा है, यह प्रत्यक्ष रूप में इस ग्राम में देखा जा सकता है।

आदर्श सांसद ग्राम पाथरी में वर्ष 2017-18 में वृक्षाराेपण योजना के तहत ग्राम पंचायत के नियंत्रण में 1 हजार से अधिक पौधों का रोपण कर 3 वर्षों तक पौधों का संवर्धन किया गया। लेकिन यह संवर्धन सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहा। प्रत्यक्ष रूप में इस भूमि पर एक भी पौधा पेड़ नहीं बन पाया। जिस वजह से यह जमीन बंजर के रूप में दिखाई देने लगी अब फिर से इसी जमीन पर 1 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिस पर लाखों रुपए खर्च करने का नियोजन तैयार किया गया है।

पौधे लगाकर संवर्धन किया जाएगा : इस जमीन पर वर्ष 2017-18 में 1 हजार से अधिक पौधों का रोपण कर तीन वर्षों तक संवर्धन किया गया। लेकिन सभी पौधे मर गए हैं। जिस वजह से फिर से इसी भूमि पर 1 हजार पौधे लगाकर उसका संवर्धन तीन वर्षों तक किया जाएगा। -उमेश रहांगडाले, ग्राम रोजगार सेवक, पाथरी

Created On :   4 Jun 2026 3:50 PM IST

Tags

Next Story