Gondia News: अब तक नहीं खुले धान खरीदी केंद्र, औने-पौने दाम पर बेचना मजबूरी

अब तक नहीं खुले धान खरीदी केंद्र, औने-पौने दाम पर बेचना मजबूरी
15 से 20 दिन और लग सकते हैं केंद्र खुलने में, प्रक्रिया कल से

Gondia News जिले के किसान एक ओर बेमौसम बारिश से धान की फसल का नुकसान होने से पहले ही परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर शासकीय धान खरीदी केंद्र अब तक शुरू नहीं होने से वे दोहरे संकट में फंस गए हैं। जिन किसानों ने बारिश से पूर्व खरीफ मौसम का धान काटकर उसकी चुराई कर ली है। वे अपना धान बेचने के लिए केंद्र शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। चूंकि खुले बाजार में उन्हें अपना धान बेचने पर उचित दाम नहीं मिल पाते। ऐसे में यदि वे खुले बाजार में धान की बिक्री करते हैं तो उन्हे दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। सरकारी धान खरीदी केंद्रों में धान की बिक्री करने के इच्छुक किसानों को पहले केंद्रों पर जाकर बीम पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीयन करवाना पड़ता है।

पंजीकृत किसान किसी भी सरकारी धान खरीदी केंद्र पर धान की बिक्री कर सकता है। आम तौर पर खरीफ मौसम के धान की खरीदी के लिए दिवाली से पूर्व ही सरकारी धान खरीदी केंद्र शुरू होते हैं। लेकिन इस वर्ष अब तक इन केंद्रों का कोई अता-पता नहीं है। जिसके कारण एक ओर बाजार में दाम कम मिलने और दूसरी ओर बेमौसम बारिश की दोहरी मार किसान झेल रहे हैं। इस संदर्भ में जिला मार्केटिंग अधिकारी विवेक इंगले ने बताया कि खरीफ मौसम के लिए धान की बिक्री करने वाले किसानों का पंजीयन करने के आदेश प्राप्त हो गए हैं।

सोमवार से यह प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। यह प्रक्रिया 15 से 20 दिनों में पूर्ण हो जाएगी। पंजीयन होने के बाद ही धान खरीदी करने वाली संस्थाओं की जांच-पड़ताल के बाद उन्हे जिलाधिकारी के आदेश पर धान खरीदी करने के आदेश जारी किए जाएंगे। जिले में मार्केटिंग फेडरेशन के 186 केंद्रों को मंजूरी मिलने पर शुरू किया जाएगा। जिसके चलते उम्मीद है कि जिले में प्रत्यक्ष रूप से धान की खरीदी शुरू होने के लिए किसानों को अभी लगभग दो सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है।


Created On :   2 Nov 2025 6:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story