- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- सिरपुर बांध छोड़ अन्य जलाशयों में 80...
Gondia News: सिरपुर बांध छोड़ अन्य जलाशयों में 80 फीसदी जल भंडारण

Gondia News गोंदिया जिले में इस वर्ष जून माह के अंत तक बारिश नहीं होने एवं मौसम विभाग द्वारा मानसून पर अल नीनो का असर होने के कारण बारिश कम होने का अंदेशा व्यक्त किए जाने के कारण सूखे जैसी स्थिति निर्माण होने की आशंका से धान उत्पादक किसान चिंतित हो गए थे लेकिन जुलाई एवं अगस्त माह में अच्छी बारिश होने के कारण न केवल धान की रोपाई खरीफ में उम्मीद से ज्यादा हुई बल्कि जलाशयों में भंडारण पर्याप्त होने के कारण ग्रीष्मकालीन रबी मौसम में भी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने की स्थिति निर्माण हो गई है।
गोंदिया जिले के सबसे बड़े इटियाडोह जलाशय से न केवल गोंदिया बल्कि भंडारा एवं गड़चिरोली जिले के किसानों को भी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होता है। शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि इस मानसून में यह जलाशय कितना भर पाएगा? लेकिन रूक-रूक कर ही सही अच्छी बारिश होने के कारण जिले के सभी जलाशय अब पानी से लबालब है। बाघ इटियाडोह सिंचाई विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को सुबह 7 बजे अर्जुनी मोरगांव तहसील में स्थित इटियाडोह जलाशय में 80 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गयाहै। वहीं देवरी तहसील के सिरपुरबांध में 71.71 प्रतिशत, सालेकसा तहसील के कालीसराड़ बांध में 84.8 प्रतिशत एवं पुजारीटोला बांध में 84.69 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गया है।
अभी मानसून की अवधि एक माह बाकी है। जिसे देखते हुए अब इस बात की संभावना बढ़ गई कि आठ-दस दिनों तक भी यदि जिले में अच्छी बारिश हुई तो इटियाडोह जलाशय ओवरफ्लो हो जाएगा। अन्य जलाशय भी 100 फीसदी तक भर जाने की संभावना बन गई है। यदि ऐसा होता है तो खरीप में ही नहीं बल्कि रबी मौसम में भी जलाशयों के कमांड क्षेत्र में आने वाले किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की फसल के लिए सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध हो सकेगा।
Created On :   3 Sept 2026 4:49 PM IST















