Jabalpur News: स्कूली विद्यार्थियों की डिजिटल एजुकेशनल आईडेंटिटी के लिए अब होगा अपार दिवस

स्कूली विद्यार्थियों की डिजिटल एजुकेशनल आईडेंटिटी के लिए अब होगा अपार दिवस
30 जून तक जिले के सभी स्कूलों में प्रत्येक शनिवार लगेंगे शिविर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों के डिजिटलीकरण के उद्देश्य से जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 30 जून तक प्रत्येक शनिवार मेगा अपार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के माध्यम से जिले के ऐसे विद्यार्थियों की अपार आईडी यानी ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री का निर्माण एवं सत्यापन किया जाएगा, जिनकी आईडी अभी तक नहीं बनी है या तकनीकी कारणों से लंबित है।

जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को एक विशिष्ट डिजिटल शैक्षणिक पहचान प्रदान करने की दिशा में अपार आईडी एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह आईडी विद्यार्थियों के सम्पूर्ण शैक्षणिक जीवन का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करती है, जिससे उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, परीक्षा परिणामों, अंकसूचियों, प्रमाण-पत्रों एवं अन्य उपलब्धियों का सुरक्षित एवं एकीकृत डिजिटल संधारण संभव हो सकेगा।

अपार आईडी के ये हैंं लाभ

श्री सोनी ने बताया कि अपार आईडी के कई लाभ हैं। इसमें विद्यार्थियों का सम्पूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा, विद्यालय या संस्थान परिवर्तन की स्थिति में अभिलेखों के हस्तांतरण में सुविधा होगी, अंकसूची, प्रमाण-पत्र एवं परीक्षा परिणामों का डिजिटल संरक्षण सुनिश्चित होगा, छात्रवृत्ति, प्रवेश एवं अन्य शैक्षणिक योजनाओं में त्वरित सत्यापन संभव होगा, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का एकीकृत एवं प्रमाणित विवरण उपलब्ध रहेगा, भविष्य में डिजिटल शिक्षा एवं अकादमिक क्रेडिट बैंक जैसी व्यवस्थाओं से जुड़ने में सुविधा होगी, कागजी अभिलेखों पर निर्भरता कम होगी तथा अभिलेखों के गुम होने की संभावना समाप्त होगी।

विशेष शिविरों का आयोजन

अभियान के दौरान प्रत्येक शनिवार विद्यालय स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों के आधार सत्यापन, नामांकन संबंधी त्रुटियों के निराकरण तथा अपार आईडी निर्माण की कार्रवाई की जाएगी। जिन विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण प्रक्रिया लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री सोनी ने जिले के समस्त अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने विद्यालय में उपस्थित होकर अपार आईडी निर्माण एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। अभिभावक अपने बच्चों के आधार कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर विद्यालय पहुंचें, जिससे प्रक्रिया शीघ्र एवं सुगमता से पूर्ण की जा सके।

Created On :   6 Jun 2026 6:18 PM IST

Tags

Next Story