- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बीच सड़क पर बस रोककर भरी जा रहीं...
ठेंगे पर नियम: बीच सड़क पर बस रोककर भरी जा रहीं सवारियां, परेशान जनता और जिम्मेदार बेफिक्र

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को दूर करने के लिए परिवहन विभाग ने सभी यात्री बसों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी बसों का संचालन सिर्फ आईएसबीटी से ही होगा और सभी गाड़ियां निर्धारित स्टाॅपेज पर ही रुककर सवारियां बैठाएंगी, लेकिन बस ऑपरेटर सारे नियमों को ठेंगे पर मारते हुए मनमानी पर उतारू हैं। आईएसबीटी से निकलते ही बीच सड़क पर बस रोककर सवारियां बैठाने की होड़ दिन भर चलती रहती है।
जिसके चलते दीनदयाल चौक से माढ़ोताल और बायपास तक जाम के हालात बने रहते हैं। परिवहन विभाग ने इस अव्यवस्था को रोकने के लिए उड़नदस्ते की तैनाती कर रखी है, लेकिन ये टीम कभी कोई कार्रवाई नहीं करती। हैरानी की बात तो ये है कि समीप ही संभागीय आरटीओ कार्यालय है और यहां के अधिकारी-कर्मचारी दिन में कई बार यहीं से आवागमन करते हैं लेकिन उन्हें कैसे कुछ नहीं दिखाई देता, यह सोचने वाली बात है।
पुराने रूट परमिट पर हो रहा संचालन
जानकारी के अनुसार आईएसबीटी की स्थापना और बायपास बनने से पहले कटनी रूट पर चलने वाली बसों को दमोहनाका से गोहलपुर, अधारताल से ग्रामीण अंचलों से होते हुए जाने का रूट परमिट जारी किया जाता था, लेकिन आईएसबीटी बनने के बाद नियमों में हुए संशोधन के तहत सभी बसों को बस अड्डे से सीधे बायपास होते हुए निर्धारित स्टॉपेज पर चलने का परमिट जारी किया जाने लगा था। इसके बावजूद पुराने रूट परमिट का हवाला देकर बस संचालक मनमानी कर रहे हैं। इसमें परिवहन विभाग की मिलीभगत शामिल रहती है, जिसके कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चौपट रहती है।
गोहलपुर चौक पर सबसे खराब हालात
कटनी रूट के लिए चलने वाली सभी बसों को आईएसबीटी से निकलकर कटंगी बायपास से कटनी जाना चाहिए, लेकिन ज्यादातर बसें फ्लाईओवर से पहले गोहलपुर चौक पहुंचती हैं और आधी सड़क घेरकर खड़ी हो जाती हैं।
हर बस करीब 10 से 15 मिनट तक खड़ी होकर सवारियां भरती हैं। जिसके चलते इस चौराहे की ट्रैफिक व्यवस्था बदतर रहती है। इतना ही नहीं गोहलपुर से रद्दी चौकी और फिर अधारताल से करौंदा बायपास तक जगह-जगह सवारियां भरी जाती हैं, जिसके चलते जाम लगने के साथ आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं।
Created On :   19 May 2026 6:07 PM IST












