- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- श्रम कानून में बदलाव के खिलाफ आयुध...
Jabalpur News: श्रम कानून में बदलाव के खिलाफ आयुध कर्मियों का लंच बहिष्कार
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। केंद्रीय श्रम कानूनों में बदलाव का विरोध करते हुए आयुध कर्मियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आयुध निर्माणी खमरिया, गन कैरिज फैक्ट्री में दोपहर को लंच की छुट्टी जरूर हुई, लेकिन श्रमिक नेताओं ने खाना नहीं खाया और विरोध में जमकर नारे लगाते रहे। समस्त ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है।
ऑल इंडिया डिफेंस इम्प्लाॅइज फेडरेशन के संगठन मंत्री अर्नब दास गुप्ता का कहना रहा कि श्रम कानूनों में परिवर्तन पूर्णतः मजदूर विरोधी है, जिसे कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के अधिकारों में सीधे तौर पर कटौती की जा रही है। कई बदलाव ऐसे भी हैं जिनके हितों की अनदेखी होगी।
लेबर यूनियन के सदस्यों ने बैज धारण कर गेट पर नारेबाजी की और लंच का बहिष्कार किया। श्रमिक नेताओं का कहना है कि देशव्यापी हड़ताल के दौरान सभी सदस्य एक घंटे की देरी से निर्माणियों में प्रवेश करेंगे। इस दौरान यूनियन के पुष्पेन्द्र सिंह, सुकेश दुबे, सुरेश कन्ना, सीमेन्द्र रजक, हरीश चौबे, दिनेश नामदेव, राकेश जायसवाल, दीपक ठाकुर, आशीष श्रीवास्तव, शरद अलवल, आदि मौजूद रहे।
जनजागरण अभियान चलाया- आईएनडीडब्ल्यूएफ से सम्बद्ध यूनियन इंटक ने निर्माणियों में जनजागरण अभियान चलाया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण दुबे, सचिव आनंद शर्मा ने चार श्रम संहिताओं पर चिंताएं व्यक्त करते हुए बताया कि लेबर कोड में नौकरी की सुरक्षा घटती है।
इंटक 12 फरवरी को गेट क्रमांक 1 के सामने दोपहर 12:30 बजे से लंच का बहिष्कार करेगी। संगठन के राकेश रंजन, अखिलेश पटेल, राकेश शर्मा, अनिल गुप्ता, हृदेश यादव ने प्रदर्शन को सफल बनाने कहा है।
Created On :   11 Feb 2026 6:29 PM IST











