- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 20 साल बाद फिर महामहिम की अगवानी कर...
Jabalpur News: 20 साल बाद फिर महामहिम की अगवानी कर सकता है रादुविवि

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति मिसाइलमैन स्व. डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आगमन हुआ था। अब ऐसे संयोग बन रहे हैं कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का इसी माह विवि के दीक्षांत समारोह में आगमन होगा। यह 20 साल बाद होगा जब देश के शीर्ष पद पर बैठी हस्ती के हाथों छात्र-छात्राओँ को मेडल और डिग्री मिलेगी।
इससे न केवल विवि का गौरव बढ़ेगा, बल्कि शहर और प्रदेश के लिए भी ये पल यादगार होंगे। वहीं इस बार के दीक्षांत में पद्मश्री पत्रकार विजयदत्त श्रीधर को मानद उपाधि प्रदान करने का प्रस्ताव रखा गया है। रादुविवि का दीक्षांत समारोह 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को विवि में कार्यपरिषद की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर चर्चा की गई। हालांकि अभी तक औपचारिक तौर पर उनके आगमन की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि राष्ट्रपति को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए अप्रैल माह से ही संपर्क किया जा रहा था।
राष्ट्रपति कार्यालय से लगातार सम्पर्क साधा जा रहा है और जल्द ही बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। आपने बताया कि कार्यपरिषद की बैठक में आयोजन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। इसी में मानद उपाधि के लिए भी नाम तय किया गया।
नरसिंहपुर में जन्में हैं विजयदत्त श्रीधर- विजयदत्त श्रीधर नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील के बोहानी गांव में जन्में हैं। हिंदी पत्रकारिता, इतिहास लेखन और सांस्कृतिक शोध के क्षेत्र में उनका एक प्रतिष्ठित नाम है।
Created On :   9 Jun 2026 5:25 PM IST











