- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्मार्ट मीटर के लिए 4200 रुपए का...
Jabalpur News: स्मार्ट मीटर के लिए 4200 रुपए का लालच आरक्षक पर भारी पड़ा, खाते से 1 लाख उड़ाए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। साइबर ठगों द्वारा नित नये तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में साइबर ठगों ने स्मार्ट मीटर अपडेट करने के नाम पर आरक्षक से एक लाख की ठगी कर ली, वहीं शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ठगी के आधा दर्जन मामलों की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर की गई थी। वहां से शिकायतों को संबंधित थानों को भेजा गया, जहां एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार गोराबाजार कजरवारा निवासी 55 वर्षीय गौतम सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह नरसिंहपुर में आरक्षक हैं। उनके पास एक काॅल आया और बातचीत करने वाले ने स्वयं को विद्युत मंडल का अफसर बताते हुए स्मार्ट मीटर अपडेट करने कहा, इसके तत्काल वॉट्स एप पर एक कॉल आया और उनके फोन पे पर 4200 रुपए कंपनी की तरफ से भेजे जाने की बात कहकर चेक करने को कहा गया।
इस पर आरक्षक ने जैसे ही फोन पे खोला तो उनका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से एक लाख पांच हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो गए। इसी तरह चरगवां पुलिस ने बताया कि अहमदपुर निवासी विशद जैन उम्र 21 वर्ष के खाते से 2 लाख रुपये कट गये, जबकि उसने न तो कोई लिंक खोली न ही ओटीपी शेयर किया।
रिटायर्ड फैक्ट्री कर्मी से ठगी
विजय नगर थाना में कचनार सिटी निवासी जीसीएफ के रिटायर्ड कर्मी अशोक कुमार झा ने शिकायत कर बताया कि उनके मोबाइल पर काॅल कर एक व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड बंद करने के सम्बंध में बातचीत की। इसके बाद उनका फोन हैक हो गया और खाते से 41 हजार रुपए व क्रेडिट कार्ड से भी 20 हजार रुपए ट्रांसफर हो गये।
वहीं कचनार सिटी निवासी मंगेश नारायण धापोड़कर उम्र 52 वर्ष ने शिकायत देकर बताया कि वह स्कूल वैन चलाते हैं। उनके मोबाइल पर काॅल आया और काॅल करने वाले क्रेडिट कार्ड के संबंध में बात की जिस पर मंगेश ने उसे बंद करने कहा तो आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी और फोन हैक कर लिया। उसके बाद खाते से 1 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए।
बैंक अधिकारी बताकर साढ़े 3 लाख उड़ाए
इसी तरह ग्वारीघाट पोलीपाथर स्थित त्रिवेणी रेसीडेंसी निवासी लालचंद दासानी उम्र 72 वर्ष ने शिकायत देकर बताया था कि उनके खाते से 3 लाख 60 हजार रुपये उड़ा लिए। वहीं कैंट थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर निवासी दीपक अग्रवाल उम्र 40 वर्ष के बैंक खाते से एक एप के जरिए 1 लाख 71 हजार 977 रुपये ट्रांसफर किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
लाेन लेने के लिए आवेदन करने पर 3 लाख की ठगी
विजय नगर थाना में तुलसी नगर निवासी बसंती नेताम चौकसे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके अनुसार बीते 2 दिसम्बर को उन्होंने पर्सनल लोन की वेबसाइट पर लोन के लिए आवेदन किया था। तभी उनके पास फोन कर कुछ लोगों ने अपने नाम जनार्दन कुमार, आकाश सरकाई, चेतन रमेश तथा धनंजय बताते हुए 60 हजार रुपए लोन के लिए हुए आवेदन के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद विभिन्न फीस की बात कहकर 3 लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके अलावा गोहलपुर थाना में वंदना नगर निवासी मो. फहीम राइन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें क्रेडिट कार्ड एक्टीवेशन का झांसा देकर ठगों ने 1 लाख 99988 रुपए की चपत लगा दी।
Created On :   19 Feb 2026 7:52 PM IST











