जबलपुर: बनारस के लिए चल सकती है वंदे भारत ट्रेन, रेलवे बोर्ड ने दिए संकेत

बनारस के लिए चल सकती है वंदे भारत ट्रेन, रेलवे बोर्ड ने दिए संकेत
  • पमरे व जबलपुर मंडल रूट की तैयारियों में जुटा, लोकसभा चुनाव बाद हो सकती है शुरू
  • जबलपुर से बनारस या फिर जबलपुर से रायपुर रूट पर चलाया जाए।
  • इस ट्रेन के चालू होने से जबलपुर का उत्तर भारत से सीधा संपर्क भी जुड़ जाएगा।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर स्टेशन से बनारस के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस सीधी ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। रीवा से रानी कमलापति के बीच चल रही वंदे भारत ट्रेन के बाद अब जबलपुर मंडल से चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी।

वहीं जबलपुर से बनारस के लिए चलने वाली पहली ट्रेन कहलाएगी। रूट पर अभी तक कई ट्रेनें जाती हैं मगर वे सभी अन्य स्टेशनों से चलकर जबलपुर स्टेशन से गुजरते हुए बनारस पहुँचती हैं। वंदे भारत ट्रेन को चालू करने के रेलवे बोर्ड ने संकेत दिए हैं।

इसके लिए बोर्ड ने पश्चिम मध्य रेल के अधिकारियों से रूट का सुझाव भी माँगा है। इसके बाद से पमरे व मंडल के अधिकारियों द्वारा इस ट्रेन को चलाने के लिए आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। इस ट्रेन के चालू होने से जबलपुर का उत्तर भारत से सीधा संपर्क भी जुड़ जाएगा।

जबलपुर से बनारस के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने के काफी पहले से प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में तो यहाँ तक माँग उठी थी कि रीवा-रानी कमलापति के बीच चलने वाली वंदे भारत को पर्याप्त यात्री न मिलने के कारण इसे जबलपुर से बनारस या फिर जबलपुर से रायपुर रूट पर चलाया जाए।

ओवर नाइट के रूप में चलाने का भी प्रस्ताव

जानकारों का कहना है कि रेलवे बोर्ड द्वारा इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलाने के संकेत मिलने के बाद अब पमरे और मंडल स्तर पर अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों का मानना है कि इसे अन्य शहरों में चल रही वंदे भारत ओवर नाइट की तरह यहाँ से चलाया जाना चाहिए, ताकि जबलपुर से रात के वक्त एक सुविधाजनक और सीधी ट्रेन मिल सके। लोगाें का कहना है कि अभी दिन में हर दो-चार घंटे में इस रूट पर ट्रेन जबलपुर से होकर गुजरती है, मगर दयोदय के बाद इस रूट पर ट्रेन नहीं है इसलिए अगर इसे रात 9 बजे से जबलपुर से चलाया जाता है तो पैसेंजर भी काफी मिल सकते हैं।

ये हो सकता है रूट

जानकारों की मानें तो फिलहाल जो संभावना व्यक्त की जा रही है उसके अनुसार इस ट्रेन को सुबह 5 बजे से चलाया जा सकता है, ताकि चार से पाँच घंटे में जबलपुर से बनारस का सफर पूरा होने के बाद उसी दिन बनारस से जबलपुर के लिए वापस रवाना भी किया जा सके।

वहीं इस ट्रेन का संभावित रूट जबलपुर से चलकर कटनी, मैहर, सतना, प्रयागराज, फूलपुर व बनारस होगा। इसके अलावा जबलपुर से रवाना होने के बाद पहला स्टाॅपेज सतना उसके बाद प्रयागराज फिर फूलपुर होगा, यहाँ से रवाना होने के बाद सीधे बनारस पहुँचेगी।

Created On :   4 April 2024 2:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story