नतीजों से गर्मजोशी: चव्हाण ने कहा - मुंबई मनपा के महापौर पद पर अभी कुछ नहीं कह सकते, बिहार के बाद अब मुंबई मनपा पर भाजपा की नजर

चव्हाण ने कहा - मुंबई मनपा के महापौर पद पर अभी कुछ नहीं कह सकते, बिहार के बाद अब मुंबई मनपा पर भाजपा की नजर
  • ठाकरे मुंबई के डाकू हैं- अमित साटम
  • मुंबई मनपा पिक्चर अभी बाकी है
  • बिहार में जीत से बढ़ेगा तावडे का कद!

Mumbai News. बिहार विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद महाराष्ट्र में भाजपा ने जमकर जश्न मानाया। नरिमन पाईंट स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय और दादर में स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मनाई। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की नजर अब मुंबई मनपा पर होगी। आगामी मुंबई मनपा चुनाव के लिए भाजपा ने महायुति के घटक दलों के साथ मिलकर 150 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इससे माना जा रहा है कि मुंबई मनपा के महापौर पद पर भाजपा की नजर है। इस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि मुंबई मनपा चुनाव के बाद महापौर पद को लेकर फैसला होगा। साल 2017 के मुंबई मनपा चुनाव में भाजपा सत्ता के करीब पहुंच गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस काफी उदार व्यक्ति हैं। कभी-कभी वह उदार मन से कुछ फैसले ले लेते हैं। इसलिए वह उदार दिल से कब क्या फैसला करेंगे? यह अभी कहा नहीं जा सकता है। इसके लिए हमें मुंबई मनपा चुनाव तक इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन इतना तय है कि मुंबई मनपा में अगला महापौर महायुति का होगा। चव्हाण ने कहा कि जून 2022 में राज्य में नई सरकार के गठन के समय भी सबसे अधिक विधायक भाजपा के थे। लेकिन उस समय भाजपा को मुख्यमंत्री पद नहीं मिला था। इस बीच चव्हाण ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू कायम है। बिहार के मतदाताओं ने कांग्रेस के फेक नैरेटिव को नकार दिया है।

ठाकरे मुंबई के डाकू हैं- अमित साटम

बिहार में जीत से उत्साहित मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के खिलाफ तीखी प्रहार किया है। साटम ने इशारों ही इशारों में उद्धव और राज को मुंबई का डाकू करार दिया। साटम ने कहा कि दूसरे की संपत्ति को लूटने और चोरी करने वाले डाकू होते हैं। पिछले 25 सालों तक मुंबई मनपा पर शिवसेना (अविभाजित) ने शासन किया। मुंबई मनपा पर शासन करने वाले डाकू हैं। जिसने मुंबई को लूटकर और बेचकर खाया है। उसको मुंबई के लोग घर बैठाने का काम करेंगे। साटम ने कहा कि मुंबई मनपा किसी परिवार की जागीरदारी नहीं है।

मुंबई मनपा पिक्चर अभी बाकी है

साटम ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम ट्रेलर है। मुंबई मनपा चुनाव का पिक्चर अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के नतीजों से हमें खुशी मिली है। मुंबईवासियों ने भी मनपा चुनाव में महायुति को 150 से अधिक सीटें देने का फैसला कर लिया है। साटम ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद साबित हो गया है कि हिंदुस्तान के राजनीति का पप्पू कांग्रेस नेता तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं। राहुल के साथ जो दल के नेता जाते हैं वह डूब जाते हैं।

बिहार में जीत से बढ़ेगा तावडे का कद

बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए को अप्रत्याशित जीत मिली है। इस जीत में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे की अहम भूमिका मानी जा रही है। तावडे बिहार प्रदेश भाजपा के प्रभारी हैं। बिहार में मिली जीत से तावडे का राजनीतिक कद और बढ़ जाएगा। साल 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में तावडे मुंबई की बोरिवली सीट से जीतक भाजपा विधायक बने थे। उस समय तावडे तत्कालीन फडणवीस सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे। लेकिन तावडे का साल 2019 के विधानसभा चुनाव में टिकट कट गया। इसके बाद तावडे दिल्ली की राजनीति में चल गए। तावडे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में लगभग पांच सालों से काम कर रहे हैं।


Created On :   14 Nov 2025 9:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story