बेचैन सियासत: उद्धव-राज के गठबंधन के बाद भाजपा और शिंदे गुट पर बढ़ा गठबंधन का दबाव

उद्धव-राज के गठबंधन के बाद भाजपा और शिंदे गुट पर बढ़ा गठबंधन का दबाव
  • शिंदे के मंत्री योगेश कदम बोले बहुत जल्द होगी घोषणा
  • दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस सियासी घटनाक्रम के चलते भाजपा और शिवसेना (शिंदे) पर भी गठबंधन को लेकर दबाव बढ़ गया है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। लेकिन अभी तक बात नहीं बन सकी है। शिंदे गुट के मंत्री योगेश कदम सीट बंटवारे में शिंदे गुट की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कदम ने कहा कि बहुत जल्द भाजपा और शिंदे गुट के बीच गठबंधन होने वाला है।

मंत्री योगेश कदम ने कहा कि दोनों ठाकरे बंधुओं के एक साथ आने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। शिवसेना (उद्धव) और मनसे के बीच गठबंधन हो गया है, अब भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच गठबंधन कब होगा, इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए भाजपा और शिंदे गुट के बीच गठबंधन की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महायुति पूरी तरह से एकजुट है और आगामी चुनाव एक साथ लड़े जाएंगे। कदम ने कहा कि उद्धव-राज के गठबंधन से राजनीतिक चर्चा जरूर बढ़ी है, लेकिन इससे भाजपा-शिंदे गुट की रणनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि विकास के मुद्दे पर जनता महायुति के साथ है और आने वाले चुनावों में इसका स्पष्ट असर देखने को मिलेगा।

सूत्रों के अनुसार दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार संवाद बना हुआ है और सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में भाजपा और शिंदे गुट औपचारिक रूप से गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। खबर है कि दोनों दलों के बीच करीब 40 से 45 सीटों पर अभी भी बात नहीं बन सकी है। इन सीटों पर दोनों ही दल दावा ठोक रहे हैं। वहीं भाजपा नेता और मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि हम पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि बीएमसी चुनाव हम शिंदे गुट के साथ गठबंधन में लड़ेंगे। सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। जल्द ही सीटों का बंटवारा होगा।

Created On :   24 Dec 2025 10:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story