Mumbai News: अजित पवार लगातार चौथी बार महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बने

अजित पवार लगातार चौथी बार महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बने
  • 22 से अधिक खेल संघों का मिला समर्थन
  • भाजपा के मोहोल बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष

Mumbai News महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा (शरद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार को महाराष्ट्र ओलंपिक एसोसिएशन (एमओए) के अध्यक्ष पद पर लगातार चौथी बार सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। इस जीत ने यह साबित कर दिया कि राजनीति के साथ-साथ खेल जगत पर भी अजित पवार की पकड़ मजबूत बनी हुई है। हालांकि इस बार भाजपा नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अजित को चुनौती देते हुए उनके सामने उतरने का फैसला किया था। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मध्यस्थता के चलते यह फैसला हुआ कि अजित और मोहोल दोनों दो-दो साल के लिए अध्यक्ष बनेंगे।

बैठक में क्या हुआ? : जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के अध्यक्ष पद के इस चुनाव के लिए कुल 31 खेल संघों में से 22 से अधिक संघों ने अजित पवार के पैनल को समर्थन दिया। अजित के पैनल से आदिल सुमारिवाला, प्रदीप गंधे और प्रशांत देशपांडे उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध चुने गए हैं। चुनाव से पहले भाजपा-राकांपा (अजित) में समन्वय बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित गुट सांसद प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे की उपस्थिति में अहम बैठक हुई। इस बैठक में यह तय हुआ कि मुरलीधर मोहोल के पैनल को भी कुछ पदों में हिस्सा दिया जाएगा, जिससे गठबंधन में एकता बरकरार रह सके। इस समझौते के बाद अजित पवार का दोबारा अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा था और रविवार को उनकी लगातार चौथी बार निर्विरोध नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।

नेतृत्व पर भरोसा : राजनीति और खेल दोनों क्षेत्रों में अजित पवार का अनुभव और उनकी संतुलनकारी नीति के चलते सभी राजनीतिक दलों और हितधारक संस्थाओं ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है। खेल ढांचे को सशक्त बनाना, एवं पारदर्शी प्रशासन अजित पवार की पहचान रहे हैं। नई कार्यकारिणी के सामने अब राज्य के नए खिलाड़ियों को तैयार करने, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं बढ़ाने और महाराष्ट्र को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की चुनौती होगी।


Created On :   2 Nov 2025 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story