- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग मामला ,...
Mumbai News: अशोक खरात मनी लॉन्ड्रिंग मामला , ईडी ने एनसीपी नेता रूपाली चाकणकर को भेजा समन्स

Mumbai News स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात से जुड़े बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। ईडी ने इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता रूपाली चाकणकर को समंस जारी कर 14 मई को पूछताछ के लिए उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी इस पूरे मामले में संदिग्ध बैंक खातों, लेनदेन और कथित बेनामी आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े -यूडीएफ ने कहा - नीट परीक्षा रद्द करना इतने बड़े घोटाले का समाधान नहीं, पूरे मामले की हो उच्चस्तरीय जांच
एजेंसी को जांच के दौरान कई ऐसे वित्तीय ट्रांजेक्शन मिले हैं, जिनके तार अशोक खरात के करीबी लोगों और कुछ राजनीतिक संपर्कों तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले पिछले सप्ताह ईडी ने रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर और उनके बेटे से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने कथित तौर पर 40 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन और प्रॉक्सी अकाउंट्स को लेकर सवाल किए थे।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात ने कथित तौर पर अपने भक्तों और परिचितों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दर्जनों बैंक खाते खुलवाए थे। जांच एजेंसी का दावा है कि 60 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध नकदी को बैंकिंग सिस्टम के जरिए वैध दिखाने के लिए किया गया। कई खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। ईडी को जांच में 134 से ज्यादा संदिग्ध और कथित फर्जी खातों का नेटवर्क मिला है। इनमें कुछ खाते चाकणकर परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर भी होने की बात सामने आई है। एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन खातों का इस्तेमाल मनी ट्रेल छिपाने और रकम को अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर करने में तो नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि 14 मई को होने वाली पूछताछ में ईडी रूपाली चाकणकर से उनके परिवार से जुड़े बैंक खातों, संदिग्ध ट्रांजेक्शन, अशोक खरात से कथित संबंधों और आर्थिक लेनदेन को लेकर सवाल कर सकती है। मामले ने महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है।
यह भी पढ़े -बॉम्बे हाई कोर्ट ने नकली हाई कोर्ट आदेशों की लापरवाही भरी जांच के लिए मुंबई पुलिस को लगाई फटकार
Created On :   12 May 2026 7:51 PM IST









