Mumbai News: मुंबई भाजपा के महासचिव बने पवन त्रिपाठी, सचिन सावंत-सूरज ठाकुर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बने

मुंबई भाजपा के महासचिव बने पवन त्रिपाठी, सचिन सावंत-सूरज ठाकुर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बने
  • नई कार्यकारिणी का पता नहीं
  • सचिन सावंत, सूरज ठाकुर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बने
  • सावंत को तेलंगाना व ठाकुर को पंजाब की जिम्मेदारी

Mumbai News. मुंबई भाजपा के नए महासचिव आचार्य पवन त्रिपाठी होंगे। वर्तमान में त्रिपाठी सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष हैं। इसके साथ ही मुंबई भाजपा की प्रवक्ता श्वेता परुलकर, राजेश शिरवडकर, पूर्व नगरसेवक गणेश खणकर को भी मुंबई भाजपा का महासचिव बनाया गया है। बुधवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने यह नियुक्ति की है। आगामी मुंबई मनपा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने उत्तर भारतीय चेहरे त्रिपाठी को महासचिव नियुक्त किया है। त्रिपाठी अभी मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष थे। त्रिपाठी मुंबई भाजपा अध्यक्ष साटम के करीबी माने जाते हैं। भाजपा ने दक्षिण मध्य मुंबई के पूर्व जिला अध्यक्ष शिरवडकर और उत्तर मुंबई के पूर्व जिला अध्यक्ष खणकर को भी महासचिव नियुक्त किया है।

नई कार्यकारिणी का पता नहीं

बीते 25 अगस्त को मुंबई भाजपा अध्यक्ष पद पर अमित साटम की नियुक्ति की गई थी। इसके बाद साटम ने दावा किया था कि मुंबई भाजपा की नई कार्यकारणी नवरात्रि तक घोषित हो जाएगी। लेकिन अभी तक मुंबई भाजपा की नई कार्यकारणी घोषित नहीं हो पाई है। इसी बीच साटम ने मुंबई भाजपा के चार नए महासचिव नियुक्त किए हैं। दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी घोषित नहीं हुई है। अब समझा जा रहा है कि स्थानीय निकाय चुनाव के बाद ही प्रदेश और मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।

सचिन सावंत, सूरज ठाकुर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बने

महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सचिन सावंत और मुंबई युवक कांग्रेस के पूर्व कार्याध्यक्ष सुरज ठाकुर को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। दोनों नेताओं को दो अलग-अलग राज्यों के प्रभारी की भी जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत कई राज्यों के लिए नए एआईसीसी सचिवों की नियुक्ति की है। पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। सावंत को कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना और सुरज ठाकुर को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी में दोनों नेताओं की गिनती राहुल गांधी के विश्वासपात्र लोगों में की जाती है। अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होंगे। इस लिए ठाकुर की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ये नेता संबंधित राज्यो के पार्टी प्रभारी राष्ट्रीय महासचिवों के साथ मिलकर कार्य करेंगे।

रेहाना रियाज महाराष्ट्र की सह प्रभारी

इसके अलावा राजस्थान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती को राष्ट्रीय सचिव बनाकर महाराष्ट्र प्रभारी महासचिव के साथ अटैच किया है। रेहाना रियाज लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं और महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय पदाधिकारी के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

Created On :   12 Nov 2025 10:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story