सियासी विवाद: एकनाथ शिंदे को निमंत्रण न मिला तो मंत्रियों ने मंत्रिमंडल बैठक में उठाया मामला

एकनाथ शिंदे को निमंत्रण न मिला तो मंत्रियों ने मंत्रिमंडल बैठक में उठाया मामला
  • नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण का मामला
  • शामिल हुए थे मुख्यमंत्री
  • मंत्रिमंडल बैठक में उठाया मामला

Mumbai News. नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख मौजूदगी में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कार्यक्रम का निमंत्रण नहीं दिए जाने से सियासी विवाद खड़ा हो गया। मंगलवार को इस मुद्दे की गूंज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक तक पहुंच गई। शिवसेना (शिंदे) के मंत्रियों ने मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री के सामने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। फडणवीस ने जांच के आदेश भी दिए।

शिंदे के मंत्रियों ने जताई नाराजगी

मंत्रिमंडल की बैठक में शिवसेना (शिंदे) के मंत्रियों ने बैठक शुरू होते ही कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को आमंत्रित न करना गंभीर चूक है। मंत्रियों ने सिडको, प्रोटोकॉल विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करेंगे।

उद्घाटन समारोह में कई मंत्री थे मौजूद

हाल ही में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा वन मंत्री गणेश नाईक, महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद थे। हालांकि, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कार्यक्रम में नजर नहीं आए। शिंदे की अनुपस्थिति के बाद शिंदे गुट के नेताओं ने नाराजगी भी जाहिर की थी। मंत्री संजय शिरसाट ने तो यहां तक कह दिया था कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर कर रहा है। कुछ लोग शिंदे को प्रोजेक्ट का श्रेय नहीं देना चाहते।

Created On :   9 Jun 2026 9:55 PM IST

Tags

Next Story