- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सोशल मीडिया प्लेटफार्म से दूर रहें...
सवाल जवाब: सोशल मीडिया प्लेटफार्म से दूर रहें बच्चे, सीपी ने बच्चों को किया संबोधित

Nagpur News. पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल ने बच्चों और पालकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों को मोबाइल, इंटरनेट, यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इसकी जगह उन्हें मैदानी खेलों पर ध्यान देना चाहिए, अपना स्वास्थ्य सुधारना चाहिए और पढ़ाई के प्रति गंभीर रहना चाहिए। किशोरावस्था में कदम रख रहे बच्चों को नशीले पदार्थों से दूर रहकर किताबें पढ़ने और अच्छे शौक पालने की आदत डालनी चाहिए। पुलिस आयुक्त बच्चों के समर कैंप को संबोधित कर रहे थे।
विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन
शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के बच्चों के लिए आयोजित किए गए समर कैंप-2026 का गत दिवस पुलिस लाइन टाकली स्थित ‘चिमणीघर’ में समापन हुआ। पुलिस आयुक्त डॉ. सिंगल की विशेष परिकल्पना से 4 मई से 22 मई तक संचालित कैंप के समापन समारोह की अध्यक्षता स्वयं पुलिस आयुक्त ने की। पुलिस हवालदार अतुल अगरकर ने बताया कि कैंप में बच्चों को दो आयु वर्ग में विभाजित किया गया था। कैंप का मुख्य ध्येय वाक्य "अ समर ट लर्न' रखा गया था। कैंप के दौरान बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, डांस, आर्ट एंड क्रॉफ्ट, साहसी खेल, मॉकड्रिल, फर्स्ट-एड ट्रेनिंग और पुलिस स्टेशन और ट्रैफिक पार्क का भ्रमण कराया गया। बच्चों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।
यह भी पढ़े -बिना कहे समझ जाते हैं एक-दूसरे की भावनाएं, जो समझे अहसास - दोस्ती, समझ और सपोर्ट का होता है रिश्ता
सवालों के जवाब
समारोह के दौरान सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (सपोनि) विजय गिते ने सभी बच्चों को अच्छी आदतों और नैतिक व्यवहार की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके बाद एक बेहद दिलचस्प सत्र हुआ, जिसमें पुलिस आयुक्त ने बच्चों के सवालों के बहुत ही आत्मीयता और सहजता से जवाब दिया। कैंप में शामिल सभी बच्चों को सर्टिफिकेट बांटे गए, जिनमें मनस्वी नीतेश इंगले आदि को प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित थे।
Created On :   24 May 2026 7:24 PM IST











