Nagpur News: नागपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान बंद होने की फैल रही अफवाह

एनएचएम का नया नाम ‘प्रधान मंत्री समग्र स्वास्थ्य मिशन’

Nagpur News राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (एनएचएम) का नाम बदलने जा रहा है। अक्टूबर 2026 से इसे ‘प्रधान मंत्री समग्र स्वास्थ्य मिशन’ के नाम से जाना जाएगा। इस अभियान के बंद किये जाने संबंधी चर्चा भ्रामक है। किसी भी तरह की अफवाह के जाल में न फंसे। ऐसा मनपा अस्थायी कर्मचारी आरोग्य कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष व कामगार नेता जम्मू आनंद ने कहा है। इस संबंध में गुरुवार को संगठन की बैठक आयोजित की गई।

सरकार कर रही नाम में बदलाव

बैठक में स्वास्थ्य अभियान पर विस्तार से चर्चा करते हुए जम्मू आनंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने इस अभियान को वर्ष 2030 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। वर्ष 2026-27 के लिए 39,390 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार केवल अभियान के नाम में बदलाव करने जा रही है। अक्टूबर 2026 से इसे ‘प्रधान मंत्री समग्र स्वास्थ्य मिशन’ के नाम से जाना जाएगा।

राज्य के लिए प्रस्तावित बजट का प्रावधान

बैठक में जानकारी दी गई कि 11 मई 2026 को अभियान संचालक, महाराष्ट्र के मुंबई कार्यालय द्वारा राज्य के 34 जिलों, नगर परिषदों और महानगर पालिकाओं के लिए प्रस्तावित बजट की अधिसूचना जारी की है। यह प्रस्तावित बजट वर्ष 2026-27 के लिए है। ऐसे में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य अभियान और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान में कार्यरत हजारों आशा वर्कर्स एवं स्वास्थ्य कर्मियों को किसी प्रकार का भ्रम नहीं पालना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ संगठन और उनके नेता भ्रामक व गलत जानकारी फैलाकर आशा कर्मियों में भय और असमंजस का माहौल बना रहे हैं। ऐसे लोगों के प्रति निंदा व विरोध प्रकट किया गया।

ग्रेच्युटी और पीएफ के नाम पर आर्थिक लूट

संघठन ने मांग की है कि मनपा का स्वास्थ्य विभाग इस विषय पर आधिकारिक बयान जारी कर कर्मचारियों को अभियान के प्रति असमंजस की स्थिति की सत्यता बताएं। कुछ संगठनों द्वारा आशा कर्मियों को ग्रेच्युटी और भविष्य निर्वाह निधि लागू होने के दावों को भी खारिज किया गया। केंद्र सरकार द्वारा देशभर की आशा कर्मियों के लिए ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जम्मू आनंद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग ग्रेच्युटी और पीएफ के नाम पर आशा कर्मियों से पैसे और दस्तावेज एकत्र कर उनकी आर्थिक लूट कर रहे हैं। संघटना ने सभी आशा वर्कर्स एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहें। किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। बैठक में बड़ी संख्या में आशा कर्मी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।


Created On :   22 May 2026 3:20 PM IST

Tags

Next Story