Nagpur News: पेंच के 8 बाघ सह्याद्री व्याघ्र प्रकल्प भेजे जाएंगे

पेंच के 8 बाघ सह्याद्री व्याघ्र प्रकल्प भेजे जाएंगे
चंद्रपुर से बाघिन को भेजा गया

Nagpur News एक ही क्षेत्र में लगातार बढ़ती बाघों की संख्या के कारण एक ओर मानव-वन्यजीव संघर्ष पैदा हो रहा है, वहीं दूसरी ओर रिहायशी इलाकों में आने से बाघों की जान पर भी खतरा बन रहा है। ऐसे में ज्यादा बाघ क्षेत्रों से कुछ बाघों को शिफ्ट करने की योजना बनाई गई। प्रक्रिया काफी समय से मंजूरी के लिए अटकी थी। अब इसे मंजूरी मिल गई है। इसके अनुसार, नागपुर पेंच व चंद्रपुर के ताड़ोबा से बाघों को सह्याद्री टाइगर रिजर्व में शिफ्ट किया जा रहा है। गुरुवार को इसकी शुरूआत भी हो गई है। चंद्रपुर की एक बाघिन को सह्याद्री के जंगल में शिफ्ट किया गया।

रेडियो कॉलर लगाया जाएगा : यह अभियान प्रभुनाथ शुक्ला, वन संरक्षक (क्षेत्र संचालक, टीएटीआर) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें उप संचालक (बफर) आनंद रेड्डी, मुख्यालय उप वन संरक्षक सचिन शिंदे, सहायक वन संरक्षक एस.एस. दुबे एवं अनिरुद्ध धागे, साथ ही रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर श्रीमती राऊत एवं उनकी टीम ने सक्रिय योगदान दिया। सह्याद्री टाइगर रिजर्व की ओर से रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर संग्राम गोडसे एवं उनकी टीम ने भी इस अभियान में सहयोग प्रदान किया। पूरी प्रक्रिया राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) तथा महाराष्ट्र वन विभाग के मार्गदर्शी सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न की गई। स्थानांतरण के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां बरती गईं। सह्याद्री टाइगर रिजर्व पहुंचने पर रेडियो कॉलर लगाकर बाघिन का वैज्ञानिक निरीक्षण किया जाएगा। यह पहल सह्याद्री में बाघों की आबादी को पुनर्जीवित करने, पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने तथा आनुवंशिक विविधता बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

8 बाघों का स्थानांतरण होगा : पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व, नागपुर जिले के पेंच टाइगर रिजर्व तथा आसपास के क्षेत्रों से बाघों का स्थानांतरण कर उन्हें सह्याद्री टाइगर रिजर्व में भेजने की अनुमति दी है। आगामी पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से कुल आठ बाघों का स्थानांतरण किया जाएगा। प्रथम चरण में दो उप-प्रौढ़ बाघिनों का चयन किया गया। इनमें से एक टी20 एसएफ2 नामक बाघिन को गुरुवार को ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के बफर जोन के खडसंगी रेंज से सफलतापूर्वक पकड़ा गया। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे सह्याद्री टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित कर दिया गया।

Created On :   14 Nov 2025 11:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story