- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विवादों में घिरा ‘अर्बन फ्ली...
Nagpur News: विवादों में घिरा ‘अर्बन फ्ली फ्लेयर’ का आयोजन, नाबालिग लड़की गायब

Nagpur News शहर के लक्ष्मी नगर स्थित एक प्रसिद्ध कैफे में आयोजित हैलोवीन थीम पर आधारित ‘अर्बन फ्ली फ्लेयर’ का आयोजन विवादों में घिर गया है। आयोजन में नाबालिगों की संलिप्तता और कार्यक्रम में एक नाबालिग लड़की गायब होने की घटना ने सभी को हैरान-परेशान कर दिया है। गायब लड़की नशे के हालात में एक फ्लैट में मिली। मां-बाप बच्ची की तलाश में बजाज नगर पुलिस थाने में पहुंच गए। मामला जैसे ही थाने पहुंचा नाबालिग लड़की के साथियों ने पुलिस को हकीकत बताई। फिलहाल बदनामी के डर से माता-पिता ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
कैफे मालिक ने युवाओं को सौंपी थी कमान : इस कैफे में हाल ही में एक पार्टी का आयोजन किया गया था। कैफे मालिक ने आयोजन की जिम्मेदारी 16 से 19 साल के युवाओं के एक ग्रुप को सौंपी थी। बताया जा रहा है कि, इस ग्रुप ने मेले के लिए वॉलंटियर्स की भर्ती के लिए लगभग दो माह पहले एक वॉट्स एप ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप में कुछ नाबालिगों को भी जोड़ा गया था और उन्हें आयोजन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया गया था।
मां लेने पहुंची, तो बेटी नहीं मिली : 29 अक्टूबर की शाम सभी वॉलंटियर्स को एक ब्रीफिंग के लिए कैफे में बुलाया गया था। इस दौरान एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसकी मां ने कार्यक्रम स्थल पर छोड़ा था। नाबालिग ने मां को बताया था कि, काम रात 11 बजे तक चलेगा। हालांकि, जब उसकी माँ उसे लेने गई, तो बेटी गायब थी। आयोजकों ने दावा किया कि, वह शाम 7 बजे के आस-पास वहां से चली गई थी। इसे लेकर अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि लड़की का पता नहीं चल पाया।
यह भी पढ़े -सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सत्कार संपन्न, शिक्षकों और अग्निशमन अधिकारी समेत अन्य कर्मचारी शामिल
राजनेता के नाम का इस्तेमाल : मामला और हैरान करना वाला है। कैफे मालिक द्वारा की गई आंतरिक जांच के दौरान, युवा आयोजकों में से एक ने कथित तौर पर "एक राजनेता के बेटे का दोस्त’ होने का दावा कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा और कार्यक्रम आयोजकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्षेत्र के नागरिकों और अभिभावकों में रोष : पूछताछ में पता चला कि, लड़की कुछ आयोजक साथियों के साथ त्रिमूर्ति नगर इलाके के एक फ्लैट में गई थी, जहां शराब पार्टी चल रही थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद लड़की नशे की हालत में मिली। हालांकि, लड़की के माता-पिता ने बदनामी के डर से शिकायत दर्ज कराने से परहेज किया, लेकिन इस घटना से इलाके के नागरिकों और अभिभावकों में रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने देर रात के कार्यक्रमों में नाबालिगों को लापरवाही से शामिल करने और उन्हें बिना किसी निगरानी के निजी फ्लैटों में ले जाने की कड़ी निंदा की है।
यह भी पढ़े -गडकरी ने कहा - जैसा डेवलपमेंट वैसा मैन पावर रहें तैयार, टाटा कंपनी को दिया 5 लाख रोजगार का लक्ष्य
Created On :   2 Nov 2025 8:03 PM IST













