- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बिना कहे समझ जाते हैं एक-दूसरे की...
Brotherhood: बिना कहे समझ जाते हैं एक-दूसरे की भावनाएं, जो समझे अहसास - दोस्ती, समझ और सपोर्ट का होता है रिश्ता

Nagpur News. हर साल 24 मई को ब्रदर्स डे मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ भाई-भाई या भाई-बहन के रिश्ते को सेलिब्रेट करने का अवसर नहीं होता, बल्कि ‘ब्रदरहुड’ यानि उन अनकहे अहसासों को समझने का दिन भी होता है, जो रोजमर्रा की जिंदगी में अक्सर शब्दों में नहीं ढल पाते। कभी छोटी-छोटी बातों पर बहस, कभी एक-दूसरे को चिढ़ाना, तो कभी मुश्किल समय में बिना कहे साथ खड़े रहना यही इस रिश्ते की सबसे बड़ी खूबसूरती है। आज के समय में जहां रिश्तों की परिभाषाएं बदल रही हैं, वहीं भाई का रिश्ता दोस्ती, समझ और सपोर्ट के रूप में और भी मजबूत होकर सामने आ रहा है। कोई साथ मिलकर करियर बना रहा है, कोई पढ़ाई और काम के बीच एक-दूसरे की ताकत बन रहा है, तो कोई बचपन से ही साथ बढ़ते हुए जीवन की नई राहें तय कर रहा है।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी के बयान पर सीएम फडणवीस का पलटवार, बोले - मुंगेरीलाल के हसीन सपने से अधिक कुछ नहीं
साथ-साथ एक्टिंग का सफर
19 वर्षीय जुड़वा भाई अमोल और आलोक खतनानी के लिए भाईचारा सिर्फ रिश्ते का नाम नहीं, बल्कि जीवन का सबसे मजबूत आधार है। दोनों बताते हैं कि वे आपस में खूब लड़ते हैं, लेकिन एक-दूसरे के बिना रह भी नहीं सकते। उनके अनुसार उनका रिश्ता भाइयों से ज्यादा दोस्तों जैसा है। दोनों ने साथ मिलकर कई चुनौतियों और रोमांचक अनुभवों का सामना किया और अब एक्टिंग की दुनिया में भी साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपने इसी खूबसूरत रिश्ते को अपने नए म्यूजिक वीडियो "मेरा है तू भाई' में दिखाया है। दोनों ने करियर की शुरुआत यू-ट्यूब वीडियो से की। उन्हें बड़ा मौका 2024 में आई वेब सीरीज "Bad Cop' में मिला। वर्तमान में दोनों अभिनय के साथ डीआरबी सिंधु महाविद्यालय से बी.कॉम की पढ़ाई कर रहे हैं।
वॉक एंड चाय की यादें
आयुष एंड आदित्य पाटील बताते हैं कि हमारा रिश्ता सिर्फ भाइयों का नहीं, बल्कि सबसे अच्छे दोस्तों जैसा है। हर खुशी और हर मुश्किल में हम एक-दूसरे का सहारा बनते हैं। हमारे बीच भरोसा और गहरी समझ है। कई बार बिना कुछ कहे ही एक-दूसरे की भावनाएं समझ जाते हैं। हमारी सबसे खास यादों में एक अचानक की गई देर रात की वॉक और साथ में पी गई चाय शामिल है, जहां हंसी, मजाक और दिल की बातें आज भी यादगार हैं।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी के बयान पर सीएम फडणवीस का पलटवार, बोले - मुंगेरीलाल के हसीन सपने से अधिक कुछ नहीं
सबसे अच्छे दोस्त
22 वर्षीय चंचल बी.एड. की पढ़ाई कर रही हैं और पेशे से शिक्षिका हैं। उनके छोटे भाई यश 19 वर्ष के हैं और बी.कॉम के छात्र हैं। चंचल बताती हैं कि उनके और यश के बीच बेहद मजबूत और स्नेहपूर्ण रिश्ता है। दोनों हर परिस्थिति में एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं, साथ देते हैं और एक-दूसरे को समझते हैं। साथ समय बिताना, अपने विचार शेयर करना और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे की मदद करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। उनका मानना है कि मतभेद हर रिश्ते में होते हैं, लेकिन सम्मान और जुड़ाव उसे मजबूत बनाए रखते हैं। चंचल के लिए यश सिर्फ भाई नहीं, बल्कि उनके सबसे अच्छे दोस्त, प्रेरणा और खुशियों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
जुड़ाव बना रहता है
नक्श मनीष पुरुषवानी, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ते हैं और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी हैं, तथा उनके छोटे भाई ध्रुव, जो तीसरी कक्षा के छात्र हैं, क्यूटनेस की एक प्यारी मिसाल पेश करते हैं। उनके परिवार का मानना है कि भाइयों का रिश्ता मस्ती, शरारत, बिना बोले समझ और बिना शर्त साथ देने का अनोखा मेल होता है। जैसे पेड़ की शाखाएं अलग दिशाओं में बढ़ती हैं, लेकिन उनकी जड़ें एक ही रहती हैं, वैसे ही भाई जीवन में अलग राह चुन सकते हैं, लेकिन उनका जुड़ाव हमेशा कायम रहता है।
Created On :   24 May 2026 7:06 PM IST











