New Delhi News: भारत - जॉर्जिया संसदीय मैत्री समूह आपसी सम्बन्धों को सुदृढ़ करेगा - बिरला

- भारत–जॉर्जिया सम्बन्धों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
- जॉर्जिया के उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ द्विपक्षीय वार्ता
New Delhi News. भारत–जॉर्जिया सम्बन्धों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को जॉर्जिया के उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। शिष्टमंडल का नेतृत्व जॉर्जिया की संसद के चेयरमैन शाल्व पापुआश्विली ने किया। वार्ता के दौरान संसदीय सहयोग को बढ़ाने, नए संस्थागत सम्बन्ध स्थापित करने तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, ऊर्जा और जनसंपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करने के संबंध में चर्चा की गई ।
बिरला ने शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए ताशकंद में 150वीं अंतर-संसदीय संघ की सभा के दौरान शाल्व पापुआश्विली से अपनी पूर्व बैठक की चर्चा की और भारत एवं जॉर्जिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित दीर्घकालीन मित्रतापूर्ण सम्बन्धों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जॉर्जिया की संसद में सक्रिय रूप से कार्यरत जॉर्जिया–भारत संसदीय मैत्री समूह की सराहना की और कहा कि भारत की संसद भारत–जॉर्जिया संसदीय मैत्री समूह के गठन की प्रक्रिया में है, ताकि आपसी संसदीय संबंध और मजबूत हों।
Created On :   2 Dec 2025 8:47 PM IST













