अब अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे भाजपा के 12 निलंबित विधायक 

12 suspended BJP MLAs will file petition in court
अब अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे भाजपा के 12 निलंबित विधायक 
अब अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे भाजपा के 12 निलंबित विधायक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अब भाजपा के 12 निलंबित विधायक अदालत का दरवाजा खटखटाने जा रहे हैं। महाराष्ट्र विधानमंडल  मानसून अधिवेशन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में विधानसभा के तालिका अध्यक्ष भास्कर जाधव के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में निलंबित हुए भाजपा विधायक निलंबन के फैसले के खिलाफ अदालत जाएंगे। भाजपा के निलंबित विधायक आशीष शेलार ने यह जानकारी दी। बुधवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास पर भाजपा के निलंबित विधायकों की कानून विशेषज्ञों के साथ बैठक हुई। इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में शेलार ने कहा कि हम लोग प्रदेश सरकार के निलंबन के फैसले के खिलाफ अदालत में जाकर न्याय मांगेंगे। हम अदालत के सामने याचिका दाखिल करके न्याय की गुहार लगाएंगे। शेलार ने कहा कि सरकार ने बदले की भावना से साजिश रचकर भाजपा के विधायकों को निलंबन किया है। हमारे पास परदे के पीछे की बहुत जानकारी है।

निलंबन के लिए 12 विधायकों को ही क्यों चुना गया? जो विधायक कक्ष में मौजूद नहीं थे, उनका नाम निलंबन की सूची में क्यों शामिल किया गया ? हम लोग इसका सही समय पर पर्दाफाश करेंगे। शेलार ने कहा कि जो घटना घटी ही नहीं है। उसका पुख्ता सबूत होने की संभावना नहीं है। फिर भी हम लोगों ने विधानमंडल से सीसीटीवी फुटेज देने की मांग की है। भाजपा विधायकों के दुर्व्यवहार से महाराष्ट्र शर्मसार होने वाले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बयान पर शेलार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिनकी पार्टी की पहचान गालीगलौच से जानी चाहती है वे हमें समझदारी न सिखाएं। 

वहीं विधानसभा के तत्कालीन तालिका अध्यक्ष जाधव ने कहा कि भाजपा के निलंबित 12 विधायकों को यदि अदालत में जाना है तो वे जा सकते हैं। मैं सदन में पहले ही कह चुका हूं कि यदि मैंने कोई गलती की होगी, तो जो सजा भाजपा के विधायकों को मिलेगी, वही सजा मैं भुगतने को तैयार हूं। मैं अभी भी अपने भूमिका पर कायम हूं। 

इससे पहले मानसून अधिवेशन में भाजपा के विधायकों को निलंबित किया गया था। भाजपा के निलंबित विधायकों में संजय कुटे, गिरीष महाजन, जयकुमार रावल, कीर्तिकुमार भांगडिया, नारायण कुचे, हरीश पिंपले, राम सातपुते, आशीष शेलार, अभिमन्यू पवार, अतुल भातखलकर, पराग अलवणी, योगेश सागर शामिल हैं। 

Created On :   7 July 2021 2:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story