नागपुर-छिंदवाड़ा ब्रॉडगेज को 125, वर्धा-थर्ड लाइन को 110 करोड़, 8 करोड़ से टर्मिनल बनेगा अजनी स्टेशन

125 crore to Nagpur-Chhindwara broad gauge, 110 to Wardha 3rd line
नागपुर-छिंदवाड़ा ब्रॉडगेज को 125, वर्धा-थर्ड लाइन को 110 करोड़, 8 करोड़ से टर्मिनल बनेगा अजनी स्टेशन
नागपुर-छिंदवाड़ा ब्रॉडगेज को 125, वर्धा-थर्ड लाइन को 110 करोड़, 8 करोड़ से टर्मिनल बनेगा अजनी स्टेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शुक्रवार को पेश अंतरिम बजट में नई घोषणाएं तो नहीं, लेकिन पुराने कार्य को तेजी मिलने की उम्मीद की जा सकती है। दपूम रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत शुरू नागपुर-छिंदवाड़ा गेज कन्वर्शन को 125 करोड़ मिले हैं। वहीं, मध्य रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत वर्धा थर्ड लाइन को 110 करोड़ रुपए दिए गए हैं। नागपुर स्टेशन के तीनों दिशाओं में बनने वाली थर्ड लाइन के नाम 645 करोड़ की राशि दी गई है।

दोनों मंडलों को प्रलंबित कार्य को पूरा करने व नई यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 1500 करोड़ से ज्यादा की राशि मिली है। हालांकि अभी तक मंडल स्तर पर इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी है। अंतरिम बजट में रेलवे बजट को भी शामिल करते हुए रेलवे की झोली में 64 हजार 587 करोड़ रुपए डाले हैं। इसमें मध्य रेलवे व दपूम रेलवे जोन अंतर्गत नागपुर मंडल को 1500 करोड़ से ज्यादा की राशि दी गई है। सबसे ज्यादा नागपुर-छिंदवाड़ा लाइन को मिली है। इस लाइन के निर्माण की शुरूआत करीब 4 साल पहले हुई है। इसकी लागत राशि 1 हजार करोड़ रुपए है।

गत वर्ष तक रेलवे की ओर से इसे 780 करोड़ रुपए दिए गए हैं। वर्तमान में भंडारकुंड से भिमलागोंडी तक ही 25 किमी का काम शेष है। उपरोक्त राशि के माध्यम से इस साल के आखिर तक नागपुर-छिंदवाड़ा लाइन का काम पूरा होने की उम्मीद की जा सकती है। मध्य रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत 250 करोड़ से ज्यादा की लागत से नागपुर-वर्धा थर्ड लाइन का निर्माण हो रहा है। इसे बजट में 110 करोड़ रुपए ही दिए गए हैं। ऐसे में इसे साकार होने में कितना इंतजार लग सकता है, इसका अंदाजा लगाना आसान है। वर्धा थर्ड लाइन के साथ-साथ फोर्थ लाइन भी साकार होनी है और बजट में एक करोड़ ही दिए गए हैं। 

नागपुर-इटारसी थर्ड लाइन को 185 करोड़
गत तीन वर्ष पहले नागपुर से इटारसी थर्ड लाइन की घोषणा हुई है। इसके बाद मुंबई की ओर नागपुर-वर्धा थर्ड लाइन व दिल्ली लाइन पर नागपुर-इटारसी थर्ड लाइन का चित्र सामने था। इस बजट में इटारसी थर्ड लाइन को 185 करोड़ रुपए मिलने से इस लाइन के साकार होने की संभावना प्रबल हो गई है।  

नागपुर-राजनांदगांव थर्ड लाइन के लिए 645 करोड़
मुंबई, दिल्ली लाइन की तरह नागपुर से हावड़ा की दिशा में भी थर्ड लाइन निर्माण की घोषणा 3 साल पुरानी है। नागपुर से राजनांदगांव तक थर्ड लाइन का निर्माण करना है, जिसके लिए इस बजट में 645 करोड़ रुपए दिए गए हैं। 

वड़सा-गड़चिरोली के लिए 29 करोड़ 90 लाख
दपूम रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत वडसा से गड़चिरोली के बीच नई लाइन के लिए 29 करोड़ 90 लाख रुपए मिले हैं। वहीं जबलपुर-गोंदिया के साथ बालाघाट, कटंगी गेज कन्वर्शन के लिए 125 करोड़ दिए गए हैं। यह कुल 285 किमी की लाइन ब्रॉडगेज में तब्दील होनी है। इसके अलावा नागपुर विभाग अंतर्गत छिंदवाड़ा-मंडलकोर्ट ब्रॉडगेज कन्वर्शन के लिए 150 करोड़ मिले हैं। 

8 करोड़ अजनी स्टेशन को टर्मिनल बनाने के लिए मिले
अंतरिम बजट-2019 में शामिल रेल बजट में अजनी रेलवे स्टेशन को टर्मिनल बनाने के लिए 8 करोड़ रुपए मिले हैं। इस स्टेशन का विकास अब तेजी से होगा और यह नागपुर स्टेशन का उप-स्टेशन बनेगा। भविष्य में यहां प्लेटफार्म की संख्या बढ़ाने से लेकर गाड़ियों के स्टॉपेज दिए जाएंगे। इससे नागपुर स्टेशन पर बढ़ रहा लोड कम किया जा सकेगा। वर्तमान में नागपुर स्टेशन पर रोजाना 125 यात्री गाड़ियां चलती हैं। 30 हजार से ज्यादा यात्री आवागमन करते हैं। 3 वर्ष पहले रेलवे बजट में देश के मुख्य स्टेशनों के समीप बने छोटे स्टेशनों को सैटेलाइट टर्मिनल बनाने की घोषणा की गई थी। इसमें अजनी स्टेशन भी शामिल था। 

कुल 41 करोड़ से संवारा जाएगा
अजनी को 41 करोड़ रुपए से संवारा जाने वाला है। प्लेटफार्म की सुविधाएं बढ़ाने के साथ गाड़ियों का कमर्शियल हॉल्ट यहां दिया जाएगा। यहां से नई गाड़ियों को भी शुरू किया जाएगा, जो तीनों दिशा की ओर दौड़ेंगी। 41 करोड़ लागत के इस प्रोजेक्ट को रेलवे मंत्रालय ने सहमति दी है।

यह है योजना
वर्तमान स्थिति में यहां 3 प्लेटफार्म हैं। इसे बढ़ाया जाना है। इस परिसर में बहुत जगह रहने से यहां शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से लेकर रिटायरिंग रूम आदि का निर्माण किया जानेवाला है।

1 करोड़ में नागपुर स्टेशन के प्लेटफार्म भी होंगे सीधे
नागपुर स्टेशन के टेढ़े प्लेटफार्म के सीधे होने की संभावना प्रबल हो गई है। बजट में प्लेटफार्म नंबर 1, 2 व 3 को इटारसी एंड की ओर से सीधा करने के लिए 1 करोड़ की मंजूरी मिली है। वहीं इटारसी एंड की ओर नए फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए मिले हैं। ऐसे में वर्ष 2019 में नागपुर रेलवे स्टेशन पर बड़े काम होने की संभावना है। 

नागपुर मंडल के 3 स्टेशन बनेंगे आदर्श 
इस बजट में नागपुर मंडल के तीन स्टेशनों को आदर्श स्टेशन बनाने की सूची में डाला गया है। इसमें मुंबई लाइन का मांजरी, खापरी स्टेशन और दिल्ली लाइन का गोधनी स्टेशन शामिल है। वर्तमान में इन स्टेशनों पर कोई एक्सप्रेस गाड़ी नहीं रुकती है। इन स्टेशनों को डेवलप कर यहां गाड़ियों का स्टॉपेज दिया जाने वाला है। इस बार बजट में इन स्टेशनों को 2 करोड़ की राशि दी गई है। 

स्वतंत्र रूप से राशि मिलने से उम्मीदें बढ़ीं
नागपुर रेलवे स्टेशन पर वर्तमान स्थिति में 8 प्लेटफार्म हैं, लेकिन वर्षों पहले बने प्लेटफार्म सीधे नहीं हैं। एक के बाद एक बनते गए प्लेटफार्म इटारसी एंड की ओर से पूरी तरह एक सीध में नहीं है। सबसे ज्यादा दिक्कत प्लेटफार्म नंबर-1 पर होती है। इस बार बजट में स्वतंत्र रूप से राशि मिलने से इन्हें सीधा करने का काम शुरू हो सकेगा। इसके अलावा इटारसी एंड की ओर बना एफओबी काफी जर्जर हो चुका है। यह एफओबी संतरा मार्केट तक नहीं पहुंच पाता है। यात्रियों को मुंबई एंड की ओर आकर संतरा मार्केट गेट जाना पड़ता है। ऐसे में इटारसी एंड की ओर एक्सलेटर के साथ 8 नंबर के प्लेटफार्म तक जोड़नेवाला एफओबी बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट में 4 करोड़ 99 लाख 99 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।  
 

Created On :   2 Feb 2019 11:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story