मानसून हुआ सुस्त, हफ्ते पर थमे रहेंगे मेघ

According to the Meteorological Dept, the pace of monsoon has slowed down
मानसून हुआ सुस्त, हफ्ते पर थमे रहेंगे मेघ
मानसून हुआ सुस्त, हफ्ते पर थमे रहेंगे मेघ

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मानसून के थमते ही उमस ने लोगों को हलाकान कर रखा है। भीषण तपिश  से फिलहाल राहत को कोई आसार नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी अगले पूरे सप्ताह ऐसी ही तपिश रहने का अनुमान है। इसके बाद हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की रफ्तार सुस्त हो गई है।  पिछले एक सप्ताह से  मुंबई, अहमदनगर, बुलढाणा, अमरावती के आस-पास अटका मानसून के अभी अगले सप्ताहांत तक वहीं अटके रहने की संभावना है। अप्रैल और मई में दीर्घकालीन पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कब कहां और कैसी बारिश होगी, इसका जिक्र किया था। अगर मौसम का ऐसा ही हाल रहा तो देश के कई प्रदेशों में औसत बारिश भी नहीं हो पाने का डर है।

अभी यहां  है मानसून
मानसून अभी महाराष्ट्र के मुंबई, अहमदनगर, बुलढाणा, अमरावती, गोंदिया, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, असम के मदनापुर, बागडोगरा, गोपालपारा में अटका हुआ है। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में मानसून को आगे बढ़ाने वाला कोई सिस्टम नहीं बना है।

अनुमान 
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हवा की दिशा पश्चिमी बनी हुई है। उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा इससे जुड़े ओडिशा व आंध्र तट पर चक्रवाती चक्र बने हुए हैं। बिहार से झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी के चक्र तक द्रोणिका खिंची हुई है। इससे अगले दो-तीन दिन में कुछ नमी विदर्भ तक आ सकती है। हालांकि इससे पूर्व हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम हो तो इसका लाभ मिलने की संभावना है।

96 फीसदी बारिश का अनुमान 
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून केरल 1 जून की जगह 29 मई को ही पहुंच गया था। इसके बाद 1 जून तक करीब करीब पूरे कर्नाटक में सक्रिय हुआ। हैदराबाद और पूर्वोत्तर के सिक्किम तक 5 जून के बाद अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश में भी समय से पहले मानसून पहुंचने का संभावना जताई थी। महाराष्ट्र के महाराष्ट्र के मुंबई, अहमदनगर, बुलढाणा, अमरावती, गोंदिया तथा पूर्व में पश्चिम बंगाल के कोलकाता, असम के मदनापुर, बागडोगरा, गोपालपारा पहुंच कर मानसून थम गया।

हालांकि महाराष्ट्र की सीमा गोंदिया पर पहुंचने के बाद से विदर्भ में एक भी बूंद वर्षा दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल देश के हर इलाके में बेहतर बारिश होने का अनुमान जारी किया था। मौसम विभाग ने  देश में 96 फीसदी बारिश का अनुमान जताया था।

Created On :   18 Jun 2018 6:09 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story