अमित शाह ने 24 में फिर से मोदी सरकार बनाने की अपील की, कहा- झारखंड में है लुटेरों-दलालों की सरकार

Amit Shah appealed to form the Modi government again in 24, said- Jharkhand has a government of robbers and brokers
अमित शाह ने 24 में फिर से मोदी सरकार बनाने की अपील की, कहा- झारखंड में है लुटेरों-दलालों की सरकार
झारखंड राजनीति अमित शाह ने 24 में फिर से मोदी सरकार बनाने की अपील की, कहा- झारखंड में है लुटेरों-दलालों की सरकार

डिजिटल डेस्क, चाईबासा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2024 के लोकसभा और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड के चाईबासा से भाजपा के अभियान का आगाज कर दिया। शुक्रवार को यहां भाजपा की विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए उन्होंने 2024 में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए जनसमर्थन मांगा। अमित शाह ने झारखंड की हेमंत सोरेन पर जबरदस्त हमला बोलते हुए इसे लुटेरों, दलालों और बिचौलियों की सरकार करार दिया।

उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मुझसे कहा था कि झारखंड की इस भ्रष्ट सरकार को बदल दीजिए लेकिन मैंने उनसे कहा कि यह लोकतंत्र है, आने वाले चुनाव में इस सरकार को यहां की जनता खुद बदल देगी। चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में लगभग 23 मिनट के अपने संबोधन में अमित शाह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आदिवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि राज्य में घुसपैठिए जनजातीय बच्चियों से जबरन शादी कर उनकी जमीन लूट रहे हैं, लेकिन वोट बैंक के लालच में हेमंत सोरेन को यह नहीं दिख रहा। उन्होंने कहा कि मैं हेमंत सोरेन को चेतावनी देता हूं कि वे झारखंड में घुसपैठियों को रोकें, वरना यहां की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। यहां की जनता अब जाग चुकी है।

शाह ने झारखंड में नौकरियों के लिए सोरेन सरकार द्वारा 1932 के खतियान के आधार पर लाई गई नियोजन नीति को भी राज्य की जनता से धोखा बताया है। उन्होंने कहा कि चाईबासा में जमीन की बंदोबस्ती 1964 में हुई है और हेमंत सोरेन कहते हैं कि जिनके पास 1932 के आधार पर खतियान होगा, उन्हें नौकरी देंगे। सवाल यह है कि ऐसे में चाईबासा के लोगों को नौकरी मिलेगी क्या?

आदिवासी- नॉन आदिवासी, पिछड़ा के नाम पर लोगों को क्यों लड़ा रहे हो, क्यों बांट रहे हो? अगर दम है तो इनके लिए नौकरियां पैदा करो और अगर दम नहीं है तो जगह खाली कर दो। इन्हें हम नौकरियां देंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने हेमंत सोरेन पर हमले जारी रखते हुए कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है, बिचौलिए और दलाल हावी हैं और आदिवासियों की जमीन हड़पी जा रही है। वोट बैंक के लालच में सोरेन जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, उसमें उन्हें राज्य का ट्राइबल कभी माफ नहीं करेगा। वह राज्य को तबाह करने पर तुले हुए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने जनजातीय समुदाय के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों का उल्लेख किया। कहा कि यह नरेंद्र मोदी ही हैं, जिन्होंने एक गरीब आदिवासी परिवार से आनेवाली द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर पहुंचाया। हमने जनजातीय समाज को गौरव प्रदान किया। कांग्रेस जनजातीय जनजातीय योजनाओं के लिए मात्र 21 हजार करोड़ छोड़ गई थी, हमने यह राशि बढ़ाकर 86 लाख करोड़ कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर अब जनजातीय गौरव दिवस बिरसा जयंती के दिन मनाया जाता है। अब पूरा देश उन्हें सम्मान के साथ याद करता है। चाईबासा के लिए खदानों के क्षेत्र में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड मोदी जी ने बनाया था। ये फंड खदान क्षेत्रों के विकास के लिए था। झारखंड को 8000 करोड़ मिले, लेकिन हेमंत सोरेन ने इस फंड के इस्तेमाल का तरीका बदल दिया। ये फंड चाईबासा के लोगों के लिए था, लेकिन इसे झारखंड में लूट का जरिया बना दिया गया।

संकल्प महारैली को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। रैली के बाद अमित शाह ने झारखंड प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की। बताया जा रहा है कि उन्होंने पूरी टीम को आने वाले चुनाव के लिए पार्टी की ओर से निर्धारित टास्क से अवगत कराया और चरणबद्ध तरीके से अभियान में जुट जाने को कहा।

(आईएएनएस)

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   7 Jan 2023 11:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story