बालाघाट: मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की सुरक्षा श्रमिक की हत्या, फेंके पर्चे

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
बालाघाट बालाघाट: मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की सुरक्षा श्रमिक की हत्या, फेंके पर्चे

डिजिटल डेस्क, बालाघाट।बैहर थाना क्षेत्र स्थित कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के मुक्की गेट के पास समनापुर मार्ग पर मंगलवार देर रात करीब 3 बजे अज्ञात नक्सलियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सुखदेव पिता माधो परते (25) निवासी ग्राम मालखेड़ी वन विभाग में सुरक्षा श्रमिक (दैवेभो) कार्य करता था। घटना को खटियामोचा एरिया कमेटी के नक्सलियों ने अंजाम दिया है। वारदात में कितने नक्सली थे, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। मौके से नक्सलियों के फेंके पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिसमें सुखदेव की हत्या मुखबिरी के शक पर करने की बात लिखी गई है। हालांकि, पुलिस ने मृतक के पुलिस मुखबिर होने की बात को खारिज किया है। घटना के बाद पुलिस तथा हॉकफोर्स ने सर्चिंग तेज कर दी है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। गौरतलब है कि करीब 130 दिन पहले यानी 13 नवंबर की रात ग्राम मालखेड़ी के दो ग्रामीणों की नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में हत्या कर दी थी।  
बदला लेने की नीयत से की हत्या
पर्चे में सुखदेव की हत्या करने का कारण बताते हुए नीली स्याही से लिखा गया है कि 6 नवंबर 2020 को कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन से लगे ग्राम मालखेड़ी में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में महिला नक्सली शारदा पुंजे मारी गई थी। पर्चे के मुताबिक, पुलिस के लिए मालखेड़ी में नक्सलियों के होने की मुखबिरी मृतक सुखदेव ने ही दी थी। पर्चे में तत्कालीन एसपी अभिषेक तिवारी के नाम का भी उल्लेख करते हुए मृतक सुखदेव को पुलिस का मुखबिर बताया गया है। नक्सलियों ने सुखदेव को साथी नक्सली की मौत का जिम्मेदार मानते हुए करीब डेढ़ साल बाद गोली मारकर हत्या कर दी।
सर्चिंग बढऩे से हताश हैं नक्सली 
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने कहा कि घटना के बाद दिनभर चली छानबीन और तफ्तीश के बाद ये तथ्य सामने आए हैं कि मृतक सुखदेव कभी पुलिस का मुखबिर नहीं रहा है। चूंकि, कान्हा क्षेत्र में पिछले कुछ समय में सर्चिंग बढ़ी है, जिससे नक्सली हताश होकर ऐसे निर्दाेष ग्रामीणों को अपना निशाना बना रहे हैं, जिनका पुलिस मुखबिरी से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसी घटना निंदनीय है। सर्चिंग तेज करने के साथ पर्चांे की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
दूसरे पर्चे में रेंजरों को भी हिदायत
घटना स्थल पर भोरमदेव एरिया कमेटी का लाल स्याही से लिखा दूसरा पर्चा भी बरामद हुआ है, जिसमें कान्हा पार्क के छह रेंज के रेंजरों को अपने-अपने रेंज के वन रक्षक तथा श्रमिकों का सम्मान करने की हिदायत दी गई है। मुक्की, भैंसानघाट, कान्हा, किसली, सरी, और मोतीनाला रेंज के रेंजरों से मोबाइल में जीपीएस सिस्टम से गश्ती बंद करने, श्रमिकों को उनकी मजदूरी देने, वेतन कटौती बंद करने, श्रमिकों को धमकी न देने, जिस रेंज में पुलिस सर्चिंग ज्यादा होने पर इसकी जवाबदारी उसके रेंजर की होने जैसे कई बातें लिखी गई हैं।
इनका कहना है
सुबह कान्हा के मुक्की गेट के पास मालखेड़ी निवासी सुखदेव परते की नक्सलियों द्वारा हत्या करने की सूचना मिली थी। मौके से कुछ पर्चे भी मिले हैं, जिन्हें जब्त कर उनकी जांच की जा रही है। मृतक का पुलिस मुखबिरी से कोई ताल्लुख नहीं था। घटना के बाद सर्चिंग पार्टी तैनात की गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। 
समीर सौरभ, एसपी बालाघाट

Created On :   23 March 2022 12:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story