बिहार में मित्र दल भाजपा के खिलाफ ताल ठोकेंगे जानकर, विधानसभा चुनाव की 40 सीटों पर उतरेगी रासपा

BJPs ally Rashtriya Samaj Paksha will be seen against NDA in Bihar assembly elections
बिहार में मित्र दल भाजपा के खिलाफ ताल ठोकेंगे जानकर, विधानसभा चुनाव की 40 सीटों पर उतरेगी रासपा
बिहार में मित्र दल भाजपा के खिलाफ ताल ठोकेंगे जानकर, विधानसभा चुनाव की 40 सीटों पर उतरेगी रासपा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय समाज पक्ष (रासपा) बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ मैदान में नजर आएगी। रासपा के अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री महादेव जानकर बिहार विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में हैं। "दैनिक भास्कर’ से बातचीत में जानकर ने कहा कि बिहार में रासपा अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। जानकर ने यह भी स्वीकार किया कि रासपा को बिहार विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि हममें जीतने का हौसला भले न हो लेकिन हम वोट जरूर काटेंगे। जानकर ने कहा कि बिहार में भाजपा अपनी सहयोगी जेडीयू के साथ सत्ता में है। बिहार में भाजपा को रासपा की जरूरत भी नहीं है। मैंने भाजपा के साथ गठबंधन करने के बारे में कोई चर्चा नहीं की है। लेकिन विधानसभा चुनाव में नुकसान होने के बाद भाजपा को रासपा की याद जरूर आएगी। जानकर ने कहा कि रासपा ने बिहार में अब तक 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी की है। रासपा बिहार में पटना, गया के अलावा उत्तर प्रदेश और नेपाल के सीमावर्ती जिलों में उम्मीदवार खड़े करेगी। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव की तैयारी को लेकर दो बार बिहार के दौरे पर जाकर जा चुका हूं। मैं चुनाव प्रचार के लिए भी जाऊंगा। 

जीतने नहीं वोट काटने लड़ेंगे चुनाव 

रासपा के एनडीए और महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी होने के बावजूद उनके खिलाफ बिहार में चुनाव लड़ने के सवाल पर जानकर ने कहा कि हमारा केवल महाराष्ट्र में भाजपा के साथ समझौता है। इसलिए महाराष्ट्र के बाहर रासपा अकेले चुनाव लड़ेगी। जानकर ने कहा कि रासपा को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने का मेरा लक्ष्य है। इसलिए मैं बिहार के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक समेत अन्य राज्यों में विधानसभा की 300 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहा हूं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में रासपा का एक विधानसभा सदस्य है।  
 
 

Created On :   22 Sep 2020 11:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story