गोंदिया और भंडारा में जमकर बरसे मेघ, येलो अलर्ट जारी

Clouds rain heavily in Gondia and Bhandara, yellow alert issued
गोंदिया और भंडारा में जमकर बरसे मेघ, येलो अलर्ट जारी
झमाझम गोंदिया और भंडारा में जमकर बरसे मेघ, येलो अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में 21वीं सदी में भी पारंपारिक लोकगीतों के ताल पर धान की रोपाई करने की परंपरा शुरू है। 2 जुलाई, शनिवार को आई बारिश तथा सिंचाई कुंओं के पानी से किसानों ने धान रोपाई के कार्य शुरू कर दिए है। पारंपारिक पद्धति से महिला खेतीहर मजदूरों द्वारा लोक गीत प्रस्तुत कर धान की रोपाई का काम शुरू कर दिया गया है। लाेकगीतों की गूंज से खेत-खलियान गूंज उठे हैं। यदि इसी तरह लगातार बारिश होती रही तो जल्द ही जिले के पूरे किसान धान की रोपाई के कार्य में जुट जाएंगे। बता दें कि जिले की मुख्य फसल धान है। खरीफ मौसम में लगभग 2 लाख हेक्टेयर पर धान तथा अन्य खरीफ फसल लगाई जाती है। धान खेती को अधिक पानी की आवश्यकता होती है। गोंदिया जिले में 1300 मिमी बारिश की आवश्यकता होती है। इतनी बारिश हो जाती है तो खरीफ फसल की पैदावार बंपर हो जाती है। अक्सर 1 जुलाई से धान की रोपाई के कार्य शुरू होते हैं लेकिन इस वर्ष देरी से मानसून आने से धान की रोपाई के काम समय पर शुरू नहीं हो पाए हैं। जिनके पास सिंचाई की सुविधा है उन्होंने रोपाई कार्य शुरू कर दिए है। बताया जा रहा है कि शनिवार, 2 जुलाई को जिले में झमाझम बारिश होेने से किसानों के खेतों में पानी कुछ हद तक संग्रहित हो गया है। सिंचाई कुओं के पानी की मदद से धान की रोपाई के कार्य को 3 जुलाई से प्रारंभ कर दिया गया है। सदियों से चली आ रही परंपरा और रितीरिवाज के अनुसार महिलाओं ने लोकगीतों के ताल पर धान की रोपाई के कामों की शुरुआत की है। लोकगीतों की धुन से खेत-खलियान गूंज उठे हैं।

शहर को छोड़ सभी तहसीलों में झमाझम 

जिले में शनिवार 2 जुलाई से रविवार 3 जुलाई को भी लगातार एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई है। लेकिन गोंदिया शहर में बारिश नदारद रही। मौसम विभाग ने मंगलवार 5 जुलाई को गोंदिया जिले में एलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। गत दो दिनों से बारिश होने से जिलेवासियों ने गर्मी से राहत तो पाई है, वहीं दुसरी ओर किसानों ने खेती कार्य प्रारंभ कर दिए है। मौसम विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 1 जुलाई से 4 जुलाई तक जिले में सामान्य मौसम रहेगा। इस कालावधी में कोई भारी वर्षा नहीं होगी। लेकिन 5 जुलाई मंगलवार को अतिवृष्टि होने की चेतावनी भी दी है। इसलिए गोंदिया जिले मंे मंगलवार को एलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। शनिवार व रविवार को गोंदिया शहर छोड़कर जिले में लगातार एक घंटे तक झमाझम बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई है। इस बारिश से किसानों के साथ सामान्य नागरिकों में खुशी बनी हुई है। बता दें कि रविवार को सुबह मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अासमान में घने बादल दिखाई देने लगे और 2 बजे से लेकर 3 बजे तक तो कई स्थानों पर 4 बजे से लेकर 5 बजे तक झमाझम बारिश होने की जानकारी संवाददाताओं द्वारा दी गई। देवरी, तिरोड़ा, सड़क अर्जुनी, अर्जुनी मोरगांव, गोरेगांव में अच्छी बारिश होने की जानकारी मिली है। लेकिन गोंदिया शहर जिस तरह से मौसम बना था वैसी बारिश नहीं हो पाई। बल्कि 15 मिनिट तक हल्की बारिश हुई।

जिले में दूसरे दिन भी दमदार बारिश

भंडारा जिले में दो दिन से जमकर बारिश हो रही है। रविवार को संपूर्ण जिले में दोपहर के समय बारिश शुरू हुई। जो देर शाम तक जारी रही। इस बारिश से धान की नर्सरी तो जीवित रहेगी लेकिन रोपाई के लिए अभी और बारिश की जरूरत है। जिले में रविवार, 3 जुलाई को अौसत 20 मिमी बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 3 जुलाई तक जिले में 238.7 मि.मी बारिश होने की उम्मीद थी। पर जिले में केवल औसत 138.8 मि. मी. बारिश ही हुई है। यह अनुमानित बारिश के 42 प्रतिशत कम है। शनिवार व रविवार को जिले की सभी तहसीलों में कम अधिक मात्रा में बारिश हुई है। रविवार को भंडारा में 22.3 मि.मी. बारिश हुई है। मोहाड़ी में सर्वाधिक 64.2 मि. मी. बारिश दर्ज की गई। तुमसर में 15.3 मि. मी., पवनी में 5.2 मिमी, साकोली में 7.4 मि.मी., लाखांदुर में 5.2 व लाखनी में 22 मि.मी. बारिश हुई है। रविवार तक जिले में 238.7 मिमी बारिश होने का अनुमान था। किंतु 138.8 मि. मी. बारिश हुई। किसान धान की नर्सरी लगाकर रोपाई के लिए अच्छी बारिश की प्रतीक्षा कर रहे है। रोपाई के लिए लगातार तीन से चार दिन की बारिश की आवश्यकता होगी। तब किसानों के कार्य समय पर पूर्ण हो सकेंगे। 

7 तक मूसलाधार बारिश की संभावना

जिले में 7 जुलाई तक मध्यम से मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस बीच बारिश के साथ ही जिले में मेघगर्जना व गाज गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। यह स्थिति पूर्व विदर्भ के सभी जिलों में रहने की आशंका मौसम विभाग ने व्यक्त की है।

गाज गिरने से मकान क्षतिग्रस्त

साकोली तहसील के तुडमापुरी ग्राम में 3 जुलाई रविवार को दोपहर 3.30 बजे विनायक राऊत के निवास स्थान पर गाज गिरने से घर की सभी इलेक्ट्रिक वस्तुएं खराब हो गई। घर की वायरिंग जल गई है। विनायक राऊत की 20 वर्ष आयु की लड़की चांदनी मोबाइल पर कार्य कर रही थी। इस समय गाज गिरने से उसे बहरापन आ गया है। उसे इलाज के लिए उपजिला अस्पताल साकोली लाया गया। 

विनायक राऊत पेड़ कटाई का कार्य करते हैं। घर की इलेक्ट्रिक वस्तुएं जलने से उन्हें करीब 70 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्हें आर्थिक मदद करने की मांग ग्रामीणों द्वारा की गई है।

 

Created On :   4 July 2022 12:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story